उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां विधान सभा में वर्ष 2021-2022 के बजट की चर्चा में प्रतिभाग करते हुए कहा कि बजट सरकार का लेखा-जोखा मात्र नहीं होता है, बल्कि यह प्रदेश के विकास का रोडमैप होता है। प्रदेश के सर्वसमावेशी और समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए यह बजट प्रस्तुत किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विधान सभा सत्र के दौरान बजट पर सार्थक चर्चा के माध्यम से प्रदेश के महत्वपूर्ण विचारों को सदन में रखकर प्रदेश के विकास की कार्ययोजनाओं को आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में विकास की कार्ययोजना कैसे आगे बढ़नी है, इसका भी खयाल रखा गया है। विधान मण्डल प्रदेश की लोकतांत्रिक प्रणाली का सृजन कर रहा है। यह हम सबके लिए गौरव की बात है।