उप मुख्यमंत्री डॉ0 दिनेश शर्मा ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि चयनित अधिकारी अपने जीवन के नए मुकाम पर पहुंच रहे हैं। इन्होंने अपने शैक्षिक जीवन में अथक परिश्रम कर यह लक्ष्य प्राप्त किया है। उन्होंने इन अधिकारियों को जनसेवा का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि वे अपने संकल्पों को पूरा करेंगे, तो वे एक सफल अधिकारी बन सकेंगे। जिन लोगों में अनवरत सीखने की प्रवृत्ति होती है, वह सफल होते हैं। उन्होंने कहा कि यह अधिकारी प्रशिक्षण के लिए जाएंगे। इनके लिए प्रशिक्षण अत्यन्त आवश्यक है। अधिकारियों को जनसेवा पर पूरा फोकस करना चाहिए, क्योंकि यह अत्यन्त महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश में एक नई कार्य संस्कृति विकसित हो रही है। अधिकारियों को इस संस्कृति में स्वयं को ढालकर सरकार की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम को वित्त मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन भली-भांति करने का सन्देश दिया। उन्हें जनसेवा की भावना से अपने फर्ज निभाने चाहिए, ताकि असेवित लोगों को न्याय मिले। उन्होंने कहा कि आज का यह आयोजन प्रदेश की एक नई परम्परा है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए अपर मुख्य सचिव नियुक्ति श्री मुकुल सिंघल ने कहा कि यह पहला अवसर है जब मुख्यमंत्री जी स्वयं पी0सी0एस0 अफसरों को नियुक्ति पत्र वितरित कर रहे हैं। अतः इन अधिकारियों को इस नियुक्ति का महत्व समझना चाहिए और अपने दायित्वों का निर्वाह अच्छी तरह से करना चाहिए। प्रदेश में सरकारी नौकरियों पर चयन के लिए सरकार द्वारा पारदर्शी व्यवस्था स्थापित की गई है, जिसके तहत अब तक सभी चयन पूरी पारदर्शिता के साथ किए गए हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह अधिकारी भविष्य में राज्य को अच्छा प्रशासन देने में सक्षम होंगे। धन्यवाद ज्ञापन उपाम के महानिदेशक श्री एल0 वेंकटेशवर लू ने किया।
कार्यक्रम के दौरान कई चयनित अभ्यर्थियों ने अपना परिचय दिया। उन्होंने बताया कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ पूरी की गई है। वे सभी सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य करने के लिए तत्पर हैं।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव सूचना एवं एम0एस0एम0ई0 श्री नवनीत सहगल, सूचना निदेशक श्री शिशिर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।