बहराइच। जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं। सोमवार देर रात बेखौफ अपराधियों ने थाने से चंद कदम की दूरी पर होमगार्ड को गोली मारकर फरार हो गए। गंभीर हालत में उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। घटना के बाद से जिले के होमगार्डो में आक्रोश व्याप्त है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह है मामला
थाना क्षेत्र के मुद्धाचक धोबिहा गांव निवासी 55 वर्षीय रामेश्वर प्रसाद शुक्ला का घर थाने से मात्र 200 मीटर की दूरी पर है। सोमवार को वे परिवारजन के साथ खाना खाने के बाद फूस के मड़हे में सोने चले गए। देर रात कुछ अज्ञात लोग मौके पर पहुंचे और सोते समय होमगार्ड की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। जब तक कोई कुछ समझ पाता अपराधी मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज व घायल होमगार्ड की चीख पुकार सुनकर जागे परिवारजन जब मौके पर पहुंचे तो हतप्रभ रह गए। उनके सिर से खून निकल रहा था। आनन-फानन में घायल होमगार्ड को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अशोक कुमार ने सीओ महसी कमलेश कुमार सिंह के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। वहीं घटना के बाद से होमगार्डों में खास आक्रोश व्याप्त है।