देश:- अदानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के बोर्ड ने पूरी तरह से सब्सक्राइब हुए 20,000 करोड़ के फॉलोऑन पब्लिक ऑफर (एफपीओ) को वापस ले लिया है. कंपनी ने इसके साथ आगे नहीं बढ़ने का फैसला किया है. जिन्होंने एफपीओ को सब्सक्राइब किया है, उनके पैसे वापस लौटा दिए जाएंगे.
कंपनी ने एक बयान में कहा कि निदेशक मंडल ने एक फरवरी को हुई बैठक में एफपीओ वापस करने का फैसला किया है.
कंपनी ने कहा है कि वह अपने शेयरहोल्डरों के हित में आंशिक चुकता आधार पर एक रुपये अंकित मूल्य के 20000 करोड़ रुपये तक के इक्विटी शेयरों की पेशकश पर आगे नहीं बढ़ेगी. कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में यह जानकारी दी है.
दरअसल हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट के बाद अदानी समूह के शेयर तेजी से गिरे थे.गिरावट का यह सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा. पिछले पांच कारोबारी सत्रों में समूहों की कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन सात लाख करोड़ रुपये घट गया है.
शुरू में लड़खड़ाने के बाद मंगलवार को बाजार बंद होने तक अदानी इंटरप्राइजेज का एफपीओ पूरी तरह से सब्सक्राइब हो चुका था. एफपीओ को आखिरी दिन निवेशकों का समर्थन मिला जिनमें कुछ साथी उद्योगपतियों की पारिवारिक कंपनियां और गैर-रिटेल निवेशक शामिल हैं
रिपोर्ट में समूह पर कई गंभीर आरोप लगाए गए थे. ये रिपोर्ट ऐसे समय में आई जब अदानी इंटरप्राइजेज का एफपीओ आना था.
नोट:- यह खबर बीबीसी से प्रसारित है। टीम का इसमें कोई योगदान नहीं है।