डेस्क। नवजोत सिंह सिद्धू पर उनकी दोहरी राजनीति को लेकर कई बार आरोप लगते रहें हैं। उनकी इस आदत से कांग्रेस नेतृत्व तक आजिज हो गया था। अपनी इसी आदत के कारण उन्हें PPCC चीफ की कुर्सी से हाथ धोना पड़ा।
अभी तक सिद्धू भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा की गिरफ्तारी को लेकर भगवंत मान और केजरीवाल पर निशाना साध रहे थे। लेकिन रविवार शाम उनके तेवर ने फिर से पलटी मारी, उन्होंने ट्वीट कर सोमवार शाम 5.15 पर पंजाब के सीएम के साथ होने वाली मुलाकात की जानकारी दी।
सिद्धू ने बताया कि वो सोमवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ मुलाकात करेंगे। ट्वीट कर सिद्धू ने बताया कि वह राज्य के आर्थिक पुनरुद्धार पर चर्चा के लिए मान के साथ बैठक करने वाले हैं।
एक दिन पहले ही वो कह रहे थे कि वो और तजिंदर बग्गा अलग पार्टी से हो सकते है और उनके बीच वैचारिक मतभेद भी हो सकते हैं। आगे सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, पंजाब पुलिस के जरिए व्यक्तिगत हिसाब चुकता करना सबसे बड़ा पाप है। आगे सरकार को नसीहत दे उन्होंने कहा, पुलिस का राजनीतिकरण कर उसकी छवि खराब करना बंद करो। उनका कहना था कि राजनीतिक प्रतिशोध के लिए अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ये कर रहे हैं।
