नई दिल्ली. भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका पर करारा वार किया है. अमित मालवीय ने लिखा है कि जब देश सीडीएस जनरल बिपिन रावत के निधन पर शोक में डूबा हुआ था, प्रियंका गांधी गोवा में डांस कर रही थीं. इसके साथ उन्होंने एक वीडियो भी ट्वीट किया है.
अमित मालवीय ने अपने ट्वीट में दावा किया है कि जब 26/11 का हमला हुआ था, उस दिन सुबह काफी देर तक राहुल गांधी पार्टी करते रहे थे. इसके आगे उन्होंने लिखा है कि अपने भाई की ही तरह प्रियंका गांधी भी गोवा में डांस कर रही हैं. वह भी एक ऐसे वक्त में जब पूरा देश सीडीएस जनरल बिपिन रावत के निधन पर शोक में डूबा हुआ है. जनरल रावत का अंतिम संस्कार किया जा रहा है. अमित मालवीय ने आगे लिखा है कि क्या इससे ज्यादा शर्मनाक कुछ हो सकता है?
गौरतलब है कि शोक में डूबे राष्ट्र ने नम आंखों से प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत को शुक्रवार को अंतिम विदाई दी. तमिलनाडु के कुन्नूर के पास एक एमआई17वी5 हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से जनरल रावत (63), उनकी पत्नी मधुलिका रावत और 11 अन्य सैन्यकर्मियों का निधन हो गया था.
बता दें कि प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को गोवा में लोक कलाकारों से मुलाकात की. प्रियंका ने अपने कार्यक्रम की विभिन्न तस्वीरें भी ट्वीट की हैं. एक ट्वीट में उन्होंने एमीलिया फर्नांडिस नाम की लोक कलाकार से मिलने का जिक्र किया है. प्रियंका ने लिखा है कि मोरपिला में एक शानदार लोक नृत्य कलाकार एमीलिया फर्नांडिस से मुलाकात हुई. उनके साथ खाना खाते वक्त संस्कृति, लोकनृत्य व गांव की हरियाली से जुड़ी ढेर सारी बातें की. एमीलिया मेरी दादी स्वर्गीय इंदिरा गांधी जी व मेरे पिता स्वर्गीय राजीव गांधी से भी मिल चुकी हैं.
#WATCH Priyanka Gandhi Vadra performs traditional dance with the tribal women at Morpirla village in South Goa pic.twitter.com/qpf7hNaHd4
— ANI (@ANI) December 10, 2021

