कोलकाता
भाजपा (BJP) विधायक सौमेन रॉय के तृणमूल कांग्रेस (TMC) में फिर से शामिल होने के कुछ दिनों बाद मुकुल रॉय (Mukul Roy) ने दावा किया है कि और अधिक बीजेपी विधायक टीएमसी में आना चाहते हैं. मुकुल रॉय ने कहा, ‘ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) के नेतृत्व में काम करने के लिए 24 विधायक मेरे संपर्क में हैं. कई और टीएमसी में शामिल होंगे. बड़ी लाइन शामिल होने के लिए तैयार है.’ इस साल जून में मुकुल रॉय खुद बीजेपी से टीएमसी में आए हैं. वह करीब 4 साल तक बीजेपी में थे. वहां वह पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी थे. पिछले चार हफ्तों में सौमेन रॉय, बिस्वजीत दास और तन्मय घोष सहित भाजपा के चार विधायक टीएमसी में शामिल हो चुके हैं.
दिलचस्प बात यह है कि सभी मुकुल रॉय के करीबी माने जाते हैं और 2021 के चुनावों में भाजपा में शामिल हुए थे. हालांकि बीजेपी रॉय की बातों पर ज्यादा ध्यान नहीं दे रही है. इंडिया टुडे के अनुसार भाजपा नेता, रितेश तिवारी ने कहा कि मुकुल रॉय ‘खुद की बात काटने के लिए बदनाम हैं.’ तिवारी ने कहा, ‘मुकुल रॉय जो सुबह कहते हैं, वह शाम को उसका उल्टा कहेंगे. वह टीएमसी में शामिल हो गए और फिर कहा कि अगर चुनाव हुआ तो भाजपा कृष्णानगर की उनकी सीट जीत जाएगी.उनके बयान को गंभीरता से नहीं लेते.’
ऐसा क्या बोल गए थे मुकुल जिस पर हो गया था विवाद?
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा में भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतने के कुछ दिन बाद ही तृणमूल कांग्रेस में वापसी करने वाले रॉय ने कहा था कि उनकी सीट पर होने वाले विधानसभा चुनाव में भगवा पार्टी की जीत होगी. एक हफ्ते में दूसरी बार रॉय ने ऐसा कहा था. मुकुल रॉय ने छह अगस्त को नदिया जिले के कृष्णानगर में कहा था कि भाजपा राज्य में होने वाले उपचुनाव में जीत दर्ज करेगी. हालांकि, जैसे ही उन्हें गलती का एहसास हुआ, उन्होंने भूल सुधार करते हुए कहा कि उनका अभिप्राय तृणमूल कांग्रेस से था.
