समस्तीपुर । विभूतिपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की अल सुबह शादी में आई एक महिला के साथ शर्मनाक हादसे को अंजाम दिया गया। घर से शौच के लिए निकली महिला से दुष्कर्म के बाद बदमाशों ने मरी हुई समझकर निर्वस्त्र अवस्था में बिजली के खंभे पर लटका दिया। सुबह सात बजे के बाद एक महिला की नजर फंदे पर नग्न अवस्था में लटकी महिला पर पड़ी। उसके बाद लोग पहले उसे इलाज के लिए दलसिंहसराय ले गए जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने संदेह के आधार पर आधा दर्जन लोगों को बंधक बना लिया। बाद में सभी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
सोमवार की रात पीड़िता के घर में शादी का कार्यक्रम था। घर के सभी लोग उसी में लगे हुए थे। उस शादी में टेंट-मार्केट में काम करने वाले मजदूर भी रात भर काम कर रहे थे। बताया जाता है कि अहले सुबह बहू शौच के लिए घर से बाहर निकले और टेंट बाजार में काम करने वाले मजदूरों ने महिला का पीछा करना शुरू कर दिया। महिला जैसे ही चौक स्थित शौचालय के पास पहुंची तो सभी ने उसे पकड़ लिया।
इसके बाद उन्होंने अपने जेवर और कपड़े उतार दिए। इस दौरान महिला के साथ मारपीट भी की गयी। कपड़े और जेवर उतारने के बाद बारी-बारी से सभी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इससे महिला बेहोश हो गई। जिसे आरोपी मरा समझकर निर्वस्त्र ही बिजली के खंभे पर फंदे से लटका कर छोड़ दिया।
मंगलवार की सुबह खम्बे से बंधी महिला को शक के आधार पर ग्रामीणों ने टेंट में काम कर रहे सात लोगों को बंधक बना दिया। काफी देर तक लोग अपने-अपने स्तर से घटना की जांच करते रहे। जिसके चलते पुलिस को काफी देर से सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जहां उन्हें महिला के बिखरे कपड़े मिले।पुलिस ने उस पोल का भी जायजा लिया जिसमें उसे निर्वस्त्र लटकाया गया था। उसके बाद ग्रामीणों ने बंधकों को पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस अधिकारी चंद्रकांत गौरी ने बताया कि ग्रामीणों ने सात लोगों को सौंपा है। सभी से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि जब तक महिला होश में नहीं आती और बयान नहीं देती तबतक कुछ नहीं कहा जा सकता।
डीएसपी ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। इस मामले में सात लोगों को हिरासत में लिया गया है। महिला के बयान आने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

