[object Promise]
गोरखपुर। कोरोना संक्रमण के मद्देनजर गुरुवार से 15 मई तक सभी बैंकों में बैंकिंग कामकाज सुबह 10 से दो बजे तक होंगे। चार बजे बैंक की शाखाएं बंद हो जाएंगी। राज्य स्तरीय बैंकर समिति ने 22 अप्रैल से बैंकों में कामकाज की अवधि दो घंटे घटाने का निर्णय लेते हुए सुबह 10 से चार बजे तक बैंकिग कार्य की जगह यह नया आदेश जारी किया है।
अब सिर्फ यह कार्य होंगे
इसके तहत अब सिर्फ जमा, नकदी निकासी, चेक क्लीयरिंग एवं सरकारी लेनदेन जैसी न्यूनतम बैंकिंग सेवाएं ही प्रदान की जाएगी। यही नहीं अब बैंक न्यूनतम 50 फीसद कर्मचारियों की उपस्थिति के साथ संचालित होंगे। जबकि डिजिटल बैंकिंग सहित अन्य सभी वैकल्पिक चैनल पूर्ववत कार्य करते रहेंगे।
भारतीय स्टेट बैंक के डीजीएम ने कहा
यह जानकारी देते हुए भारतीय स्टेट बैंक के डीजीएम पीसी बरोड़ ने बताया कि भारतीय स्टेट बैंक सदैव अपने ग्राहकों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। इसलिए हम विगत वर्ष लगाए गए लाकडाउन की तरह ही इस संक्रमण काल में भी अपने ग्राहकों को हर संभव बेहतरीन बैंकिंग सेवाएं प्रदान करते रहेंगे। स्टेट बैंक द्वारा सभी शाखाओं में इस संबंध में विशेष व्यवस्था की जा रही है, ताकि ग्राहकों को स्टाफ की उपलब्धता के अनुसार आसानी से न्यूनतम बैंकिंग सेवाओं के अलावा अन्य बैंकिंग सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा सके।
यह कार्य भी होंगे
उन्होंने बताया कि इसके अलावा स्टेट बैंक के सभी वैकल्पिक डिलीवरी चैनल जैसे करंसी चेस्ट, एटीएम, साइबर सिक्योरिटी, क्लियरिंग हाउस, बैंक ट्रेजरी से जुड़े सभी कार्य पूर्ववत जारी रहेंगे। यदि जिला प्रशासन कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए कोई नया आदेश जारी करता है तो बैंक उसके अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
यह कार्य बंद रहेगा
एसबीआई के अलावा सभी बैंकों 15 मई तक बैंक में खाता खुलवाने, एटीएम जारी करनेे, पासबुक इंट्री, स्टेटमेंट जारी करनेे व केवाईसी अपडेट करने का काम पूरी तरह से बंद रहेगा।

