नई दिल्ली, दक्षिण दिल्ली के वसंत कुंज के किशनगढ़ स्थित गौशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन कुछ देर में शुरू होगा। वहीं, पीएम मोदी को सुनने के लिए यहां पर 39 गांवों के लोग आए हैं। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता भी पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि थोड़ी देर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहुंचेंगे। बता दें कि यह कार्यक्रम दक्षिणी दिल्ली के सांसद रमेश बिधूड़ी की ओर से आयोजित किया गया है। वहीं, इससे पहले नए कृषि कानून के समर्थन में बृहस्पतिवार को ओखला विधानसभा के मदनपुर खादर गांव में किसान चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें नए कृषि कानून के बारे में किसानों को विस्तार से जानकारी दी गई। किसानों को बताया गया कि कौन-कौन से ऐसे बिंदु हैं जिनकी वजह से आने वाले समय में यह कानून किसानों की आय बढ़ाएगा।
ओखला विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी ब्रह्म सिंह ने किसानों से कहा कि विपक्षी दल किसानों को गुमराह कर रहे हैं, इसलिए उनसे सावधान रहें। वहीं, किसान मोर्चा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष विनोद सहरावत ने कहा कि नए कानून से किसानों की आय बढ़कर दोगुनी हो जाएगी।

