वाराणसी, पूर्वांचल में लगातार सप्ताह भर से जारी कोहरा और अब सघन हो चला है। शुक्रवार की आधी रात के बाद से ही जारी कोहरे का कहर कुछ इस कदर असर किया कि दर्जन भर से अधिक कोहरे के कारण हादसे अकेले पूर्वांचल में ही दर्ज किए गए। अलग अलग हादसों में दर्जन भर से अधिक लोग घायल हो चुके हैं।
शुक्रवार की सुबह मीरजापुर – प्रयागराज रोड पर रन्नो पट्टी गांंव के सामने रोडवेज बस और कन्टेनर मेंं टक्कर होने से 16 यात्री घायल हो गए। स्थानीय लोगोंं के अनुसार मीरजापुर में घने कोहरे के कारण यह हादसा हुआ है। जिगना थाना क्षेत्र के रन्नोपट्टी के पास मीरजापुर से प्रयागराज जा रही रोडवेज बस कोहरे की वजह से कंटेनर से टकरा गई। बस में सवार लगभग 16 यात्री घायल हो गए। इसमें तीन की हालत गंभीर बनी हुई है, पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं दूसरा बस हादसा सोनभद्र के चौकी क्षेत्र के बाड़ी में हुआ जहां पर रोडवेज बस के पिछले हिस्से में ट्रेलर ने टक्कर मार दी जिसमें सवार यात्री बाल बाल बच गए।

