लखनऊ, गोमतीनगर स्थित लोहिया में मंगलवार सुबह सीनियर डॉक्टर के राउंड के दौरान गार्ड और वार्ड ब्वाय ने तीमारदारों के परिवारीजनों को प्रवेश से रोका तो वह हमलावर हो गए। तीमारदारों ने वार्ड ब्वाय पर चाकू से हमला बोल दिया। हमले के दौरान बचाने के लिए दौड़े गार्ड और अन्य वार्ड ब्वाय पर भी चाकू चलाई। चाकू के हमले से दो वार्ड ब्वाय और एक गार्ड घायल हो गया। घटना से पूरे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने पांच हमलावरों को दबोच लिया। पुलिस हमलावरों से पूछताछ कर रही है।
इंस्पेक्टर विभूतिखंड के मुताबिक मंगलवार सुबह लोहिया संस्थान में सीनियर डॉक्टर राउंड रहे थे। इस बीच एक तीमारदार के परिवारीजन वार्ड में जा रहे थे। वार्ड ब्वाय ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो गाली-गलौज करने लगे। विरोध पर वार्ड ब्वाय सचिन पर चाकू से हमला कर दिया। शोर शराबा सुनकर वार्ड ब्वाय जय प्रकाश और गार्ड सनातन कुमार बचाव में दौड़ा तो हमलावरों ने उन पर भी चाकू चलाई। हमले में दोनों वार्ड ब्वाय और गार्ड घायल हो गया। घटना से पूरे संस्थान में अफरा-तफरी मच गई। भगदड़ शुरू हो गई। इस बीच कई अन्य गार्ड और कर्मचारी पहुंचे उन्होंने हमलावरों को दबोच लिया और पीटना शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। विभूतिखंड पुलिस ने पांच हमलावरों को पकड़ा और उन्हें हिरासत में लेकर थाने चली गई।
घटना से वार्ड में सहमे मरीज
तीन कर्मचारियों पर चाकू से हमले के बाद वार्ड में भर्ती अन्य मरीज और उनके तीमारदार सदमे में हैं। उन्होंने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि अगर इस तरह से दबंग हमला करेंगे तो कैसे सुरक्षा होगी। अस्तपाल पहुंच संवेदनशील जगह होगी है। यहां हर प्रकार के मरीज भर्ती होते हैं। सदमे में किसी को कुछ भी हो सकता है। इंस्पेक्टर विभूतिखंड ने बताया कि पकड़े गए हमलावरों से पूछताछ की जा रही है। अभी अस्पताल की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।

