प्रयागराज, ट्रैफिक पुलिस वर्षों से नवंबर माह को यातायात माह के रूप में मनाती है। हालांकि पहली बार इसमें एक नया कदम उठाया गया है। शास्त्री और नए यमुना पुल पर नो पार्किंग, नो सेल्फी जोन और नो स्टापेज का बोर्ड लगाया गया है। यातायात पुलिस का मानना है कि बहुत से लोग यहां अपने वाहनों को सड़क किनारे खड़ी कर सेल्फी लेते हैं, जिस कारण यातायात बाधित होता है। दुर्घटनाएं भी होती हैं। इसलिए इसे रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।
फाफामऊ पुल पर लगाया जाएगा संकेतक
एक-दो दिन के भीतर फाफामऊ पुल पर भी ऐसे संकेतक लगाए जाएंगे। यहां पुल की चौड़ाई बेहद कम है और यहां किसी भी वाहन के रुकने की वजह से जाम भी लग जाता है, जिस कारण यहां कई संकेतक लगाए जाएंगे। इसके अलावा पुल पार करते ही बड़ी संख्या में फल, सब्जी वाले दुकानें भी लगाते हैं। लोग खरीदारी के लिए अपने वाहनों काे सड़क पर ही खड़ी कर देते हैं। इसलिए यातायात पुलिस ऐसे दुकानदारों को यहां से हटवाएगी। साथ ही पुल के पास खाली जमीन पर दुकान लगाने वालों को हिदायत भी देगी कि अगर वाहन सड़क पर खड़े मिले तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
यातायात अधीक्षक बोले-पुलों पर यातायात सुचारू रखने को उठाए गए कदम
यातायात अधीक्षक अखिलेश भदौरिया का कहना है कि शास्त्री और नए यमुना पुल पर बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों को रोककर सेल्फी लेते थे। इस वजह से जाम के साथ ही दुर्घटना का खतरा बना रहता था। इस कारण दोनों पुल पर जगह-जगह संकेतक लगवाए गए हैं। यहां यातायात पुलिस कर्मियों की तैनाती भी की गई है।
पेट्रोल पंपों पर ‘पहल दस्तखत’ का आयोजन
यातायात माह में लोगों को जागरूक करने के लिए नगर के सभी पेट्रोल पंपों पर ‘पहल दस्तखत’ का आयोजन किया गया। लोगों को पंफलेट का वितरण भी किया गया। यातायात नियमों का पालन करने के लिए लोगों को जागरूक किया गया। पहल दस्तखत के तहत वाहन चालकों के हस्ताक्षर भी कराए गए।

