नई दिल्ली। इंग्लैंड व वेस्टइंडीज के बीच एजेस बाउल स्टेडियम में तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। बारिश की वजह से पहले दिन महज 17.4 ओवर का ही खेल हो पाया। इंग्लैंड ने पहले दिन खेल खत्म होने तक एक विकेट के नुकसान पर 35 रन बनाए थे। जो बर्न्स 20 जबकि जो डेनली 14 रन बनाकर नाबाद थे। वेस्टइंडीज को एक सफलता मिली थी और ये विकेट शेनन गेब्रियाल ने ली थी।
दूसरे दिन बारिश की वजह से मैच में ज्यादा परेशानी नहीं हुई है इसे शुरू किया जा चुका है। इंग्लैंड की तरफ से डेनली और बर्न्स ने पारी को आगे बढ़ाया है। दिन की शुरुआत में ही गेब्रियाल ने वेस्टइंडीज को कामयाबी दिलाई। 18 रन पर बल्लेबाजी कर रहे डेनली को उन्होंने बोल्ड कर वापस भेजा।
इंग्लैंड की बल्लेबाजी, शून्य पर आउट हुए डॉमनिक सिब्ले
इंग्लैंड के लिए पारी की शुरुआत करने रोरी बर्न्स और डॉमनिक सिब्ले मैदान पर आए। दूसरे ओवर में ही वेस्टइंडीज के लिए शेनन गेब्रियाल ने कामयाबी हासिल की। ओवर की चौथी गेंद पर बिना खाता खोले सिब्ले वापस लौट गए।
पहले दिन बारिश ने बिगाड़ा खेल
116 दिन बाद वापसी कर रहे क्रिकेट पर बारिश ने खलल डाल दिया और टेस्ट का पहला सत्र बारिश के कारण पूरा धुल गया। इस सबके बीच भी खिलाडि़यों में एक नई उम्मीद दिखी और पूरी दुनिया ने एक बार फिर से क्रिकेट का स्वागत किया। बारिश की वजह से टेस्ट के पहले दिन का पहला सत्र बारिश की वजह से धुल गया।
हर कोई इंतजार कर रहा था कि कब पहली गेंद डलेगी। इस बीच अच्छी खबर तब आई जब इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने भोजनकाल के बाद हुए टॉस को जीत लिया और पहले बल्लेबाजी चुनी। भोजनकाल खत्म होने के बाद खेल शुरू हुआ। हालांकि कोरोना की वजह से दर्शकों के प्रवेश पर पाबंदी थी और 143 साल के इतिहास में पहली बार कोई टेस्ट बिना दर्शकों के खेला गया।
इंग्लैंड के प्लेइंग इलवेन में अनुभवी तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड को जगह नहीं दी गई है। साल 2012 के बाद यह पहला मौका है जब किसी घरेलू मुकाबले में ब्रॉड को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया है।
इंग्लैंड का प्लेइंग इलेवन
रोरी बर्न्स, डॉमनिक सिब्ले, जो डेनली, जैक क्राउले, बेन स्टोक्स (कप्तान), ओली पोप, जोस बटलर (विकेटकीपर), डॉमनिक बेस, जोफ्रा आर्चर, मार्क वुड, जेम्स एंडरसन
वेस्टइंडीज का प्लेइंग इलेवन
जॉन कैंपबेल, क्रेग ब्रेथवेट, शामर्ह ब्रूक्स, शाई होप, रोस्टन चेज, जर्माइने ब्लैकवुड, शेन डाउविच (विकेटकीपर), जेसन होल्डर (कप्तान), अल्जारी जोसेफ, केमार रोच, शेनन गेब्रियाल
कोविड 19 महामारी की वजह से मार्च के अंत से क्रिकेट पूरी तरह से बंद है ऐसे में इस सीरीज के जरिए नई उम्मीदों के साथ क्रिकेट की वापसी हुई है। इसके अलावा नए नियमों के साथ बदले अंदाज में ये टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। वेस्टइंडीज की टीम ने 1988 के बाद इंग्लैंड में कोई भी टेस्ट सीरीज नहीं जीती है ऐसे में वो इस बार अपने इस खराब रिकॉर्ड को तोड़ना चाहेंगे।
