नई दिल्ली। लद्दाख में शुक्रवार को रात आठ बजे के आसपास 4.5 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। इससे लोगों में भय का माहौल देखा गया। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (National Center for Seismology) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र लद्दाख और करगिल से 200 किलोमीटर उत्तर पश्चिम में था। आज शुक्रवार को देश के दूसरे इलाकों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। हरियाणा के रोहतक और आसपास के इलाकों में 2.8 तीव्रता के झटके महसूस किए गए। वहीं मेघालय में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।
मेघालय में आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.3 मापी गई। भूकंप का केंद्र तूरा से 79 किलोमीटर पश्चिम में था। मौजूदा वक्त में देश एक ओर कोरोना वायरस से जंग लड़ रहा है। लद्दाख में भी चीनी सेना के साथ टकराव की स्थिति लगातार बनी हुई है तो वहीं दूसरी ओर अलग-अलग राज्यों में हाल के महीनों में लगातार भूकंप के झटके भी महसूस किए जा रहे हैं। इससे लोगों में डर का माहौल भी है। हालांकि अभी देश में आए भूकंपों में जानमाल के बड़े नुकसान की खबर सामने नहीं आई है। हरियाणा में दोपहर में 3.32 बजे आए भूकंप का केंद्र रोहतक में जमीन से 10 किलोमीटर नीचे बताया जाता है।
विदेश की बात करें तो आज पश्चिमी तुर्की के एक कस्बे में 5.5 की तीव्रता के झटके महसूस किए गए। भूकंप के चलते इमारतों से लोग बाहर निकल आए। इस भूकंप का काफी गहराई में बताया जाता है। बीते मंगलवार को दक्षिणी मेक्सिको के प्रांत ओक्साका में आए शक्तिशाली भूकंप की चपेट में आकर छह लोगों की मौत हो गई थी। भूकंप की रिक्टर पैमाने पर तीव्रता 7.5 दर्ज की गई थी। सुबह 10.29 बजे आए इस भूकंप का केंद्र दक्षिणी ओक्साका प्रांत के एक पैसिफिक तट के गांव ला क्रुसेसीटा से 23 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था।
