प्रदेशउत्तर प्रदेशसोनभद्र : आदिवासियों का आर्थिक ढांचा चरमराया जड़ी-बूटी नष्ट होने से!

सोनभद्र : आदिवासियों का आर्थिक ढांचा चरमराया जड़ी-बूटी नष्ट होने से!

सोनभद्र : आदिवासियों का आर्थिक ढांचा चरमराया जड़ी-बूटी नष्ट होने से!

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के आदिवासी बहुल सोनभद्र जिले में भले ही भारी तादाद में खनिज संपदा हो, लेकिन पहले कभी यहां अकूत वन संपदा का भी भंडार था, जिसे बेचकर आदिवासी अपने परिवार की जीविका चलाते थे। मगर बढ़े प्रदूषण से कई बहुमूल्य जड़ी-बूटियां नष्ट हो गईं, जिससे आदिवासियों का आर्थिक ढांचा बिल्कुल चरमरा गया है।

सोनभद्र जिले में बहुमूल्य धातुओं के साथ भारी तादाद में जड़ी-बूटियों का भी भंडार था, जो अब धीरे-धीरे खत्म हो रहा है। इनके नष्ट होने के पीछे बढ़ रहे जल और वायु प्रदूषण को सबसे बड़ी वजह माना जा रहा है। जिन सोन और हरदी पहाड़ी में करीब तीन हजार टन से ज्यादा स्वर्ण अयस्क होने की संभावना जताई जा रही है, उनमें अब भी सतावर, वन तुलसी, खतंती, खेखसा, सफेद मूसली, गुड़मार, चकवड़ जैसी जड़ी-बूटियों के अलावा आंवला, हर्र, बहेरा, चिरौंजी, पियार, बेल, शहद और बेर जैसी वन संपदा पाई जाती है।

इस जंगल में सैकड़ों की तादाद में पलास के पेड़ हैं, जिन में कभी कीड़े लाख (लाही) पैदा करते थे, जिसका प्रयोग सौंदर्य प्रसाधन, चूड़ी और रंग बनाने में होता था और यहां की लाख जर्मनी व फ्रांस तक के व्यापारी खरीद कर ले जाते थे। इस समय बाजार में लाख की कीमत छह सौ रुपये प्रति किलोग्राम बताई जा रही है।

अब भी जड़ी-बूटियां बेचकर अपने परिवार की जीविका चलाने वाले म्योरपुर विकास खंड के परनी गांव का आदिवासी युवक अमरजीत अगरिया बताता है कि उसके पूर्वज जड़ी-बूटी और अन्य वन संपदा गांव-देहात में बेचकर आराम से दो वक्त की रोटी का इंतजाम कर लेते थे, लेकिन वायु और जल में प्रदूषण की बाढ़ से जड़ी-बूटियां भी नष्ट हो चुकी हैं और लाख पैदा करने वाले कीड़े भी मर गए हैं।

अमरजीत कहता है, “सोन और हरदी पहाड़ी में अब भी कुछ जड़ी-बूटियां बची हैं, जो अब स्वर्ण अयस्क की खुदाई में नष्ट हो जाएंगी।” उसके मुताबिक, इन दोनों पहाड़ियों में विश्व के सबसे जहरीले सांप भी रहते हैं और यहां इन सांपों का जहर उतारने की जड़ी-बूटियां भी हैं। खुदाई से जहां विलुप्त प्रजाति के सांप खत्म होंगे, वहीं इनका विष उतारने वाली आयुर्वेद दवा भी हमेशा के लिए नष्ट हो जाएगी।

गोहड़ा गांव का मंगलदेव, सोमारू और राजेंद्र बताते हैं कि जब से तीन हजार टन सोना मिलने की अफवाह फैली, तब से अधिकारी उन्हें सोन व हरदी पहाड़ी में जड़ी-बूटियां नहीं खोदने देते। इसके पहले दर्जनों की तादाद में आदिवासी यहां से दवा खोदकर बेचते रहे हैं।

खैरटिया गांव के मोहन बैगा और देवहार गांव के बलवंत गोंड ने बताया, “रविवार को हम लोग जड़ी-बूटी खोदने सोन पहाड़ी गए थे, जहां से अधिकारियों ने भगा दिया और कहा कि यहां सोना निकलना है। अब जो भी खुदाई करेगा, वह जेल चला जाएगा।”

सामाजिक कार्यकर्ता और सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अश्विनी दुबे कहते हैं कि पीढ़ियों से आदिवासी घास-फूस की झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं। इन तक सरकार की कोई योजना अब तक नहीं पहुंची है। यहां तक कि मनरेगा में भी काम नहीं मिल रहा। ज्यादातर आदिवासियों का जीवन-यापन वन संपदा पर निर्भर है, अब वह भी संकट में है।

दुबे कहते हैं कि वैसे भी वायु और जल प्रदूषण से हजारों जड़ी-बूटियां नष्ट हो गई हैं, जो बची-खुची हैं वे सोने के लालच में नष्ट हो जाएंगी। सोन व हरदी पहाड़ी में सोना मिल भी गया तो उसका फायदा माफियाओं और सरकार को मिलेगा। आदिवासियों के किस्मत में तो सिर्फ उजड़ना (विस्थापन) ही लिखा है।”

हालांकि, सोनभद्र के सदर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) यमुनाधर चौहान ने सोमवार को कहा कि जीएसआई के सर्वे में स्वर्ण अयस्क मिलने की संभावना पर सोन व हरदी पहाड़ी की निगरानी जरूर बढ़ा दी गई है, लेकिन किसी आदिवासी को जड़ी-बूटी खोदने से नहीं रोका गया।

एक सवाल के जवाब में चौहान कहते हैं कि यह सही है कि आदिवासियों की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, लेकिन सभी को पात्रता के आधार पर सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।

Hot this week

पुनर्नवीनीकरण चिकित्सा उपकरण: आत्मनिर्भर भारत के लिए खतरा या अवसर?

भारत में चिकित्सा उपकरणों के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेज़ी से बढ़ रहे प्रयासों के बीच, पुनर्नवीनीकरण और पुराने चिकित्सा उपकरणों के आयात की अनुमति देने वाली नीति पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। भारतीय चिकित्सा उपकरण निर्माताओं के संगठन, इमेजिंग, थेरेपी और रेडियोलॉजी उपकरण निर्माताओं के संघ, भारत के नैदानिक उपकरण निर्माताओं […]

बेलागवी दहशत: बच्चों का अपहरण और पुलिस का एनकाउंटर

बेलागवी में हुए बच्चों के अपहरण के मामले ने पूरे राज्य में हलचल मचा दी है। शुक्रवार तड़के अथणी, बेलागवी जिले में पुलिस ने एक संदिग्ध को गोली मारकर घायल कर दिया, जो दो बच्चों के अपहरण में शामिल था। पुलिस ने अपहरण के बाद फरार हुए संदिग्धों की गाड़ी की पहचान करने के बाद […]

ईरान-इस्राइल तनाव: क्या है अगला कदम?

ईरान और इस्राइल के बीच हाल ही में हुए सैन्य संघर्ष ने क्षेत्रीय तनाव को काफी बढ़ा दिया है। इस्राइल द्वारा लगातार हवाई हमलों के बाद, ईरान ने प्रतिक्रिया देने की धमकी दी है, जिससे स्थिति और अधिक जटिल हो गई है। इस घटनाक्रम ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए गंभीर चिंता पैदा […]

आंध्र प्रदेश में स्व-सहायता समूहों का उल्लेखनीय सशक्तिकरण

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के हर परिवार में एक उद्यमी बनाने के विजन के अनुरूप, एमएसएमई और ग्रामीण गरीबी उन्मूलन मंत्री,कोंडापल्ली श्रीनिवास ने सभी संबंधित विभागों से सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया है। राज्य ग्रामीण गरीबी उन्मूलन एजेंसी कार्यालय में आज आयोजित एक समन्वय बैठक के दौरान, उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों के […]

Related Articles

Popular Categories