जयपुर। एसीबी ने परिवहन विभाग में दलालों के माध्यम से वाहन मालिकों को डरा-धमकाकर मासिक बंधी वसूलने का पर्दाफाश किया है। इसमें परिवहन निरीक्षक को दलाल से चालीस हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया है। वहीं, दलाल के पास से अन्य अधिकारियों को बंधी देने के लिए रखे एक लाख बीस हजार रुपए नकद जब्त किए हैं। वहीं एसीबी ने दो डीटीओ, छह इंस्पेक्टर और सात दलालों के जयपुर सहित 17 जगहों पर चलाए जा रहे तलाशी अभियान में अब तक एक करोड़ 20 लाख रुपए के करीब नकदी, प्रोपर्टी के दस्तावेज और मध्यस्थ दलालों के पास से रिश्वत लेन-देन की सूचियां, हिसाब-किताब का ब्योरा तथा लेपटॉप, मोबाईल फोन पर लेनदेन एवं रिश्वत हिसाब-किताब के महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
ब्यूरो की ओर से परिवहन विभाग से आठ अधिकारियों और नौ दलालों के निरुद्ध खिलाफ चलाए गए तलाशी अभियान में अब नकद, प्रोपर्टी के दस्तावेज और मध्यस्थ दलालों के पास से रिश्वत लेनदेन की सूचियों सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए है। ब्यूरो के दलों का सर्च अभियान जारी है।
महानिदेशक (एसीबी) आलोक त्रिपाठी ने बताया कि परिवहन विभाग के अधिकारियों की ओर से दलालों के मार्फत वाहन मालिकों को डरा-धमकाकर मासिक बंधी के रूप में रिश्वत राशि प्राप्त करने की सूचना मिल रही थी। मुख्यालय स्तर पर गोपनीय सत्यापन करवाने पर सामने आया कि परिवहन विभाग के अधिकारियों की ओर से दलालों के जरिए वाणिज्यिक वाहनों तथा बसों को चलाए जाने के लिए वाहन संचालकों को धमकियां देकर प्रतिमाह रिश्वत राशि मासिक बंधी के रूप में नियमित रूप से प्राप्त की जा रही है। तनुश्री लॉजिस्टिक तथा अन्य मध्यस्थ दलालों की ओर से रविवार को फरवरी माह की मासिक बंधी के रूप में परिवहन अधिकारियों कोरिश्वत राशि का भुगतान किया जाने की सूचना मिली।
रिश्वत लेते धरा परिवहन निरीक्षक : एडीजी दिनेश एमएन की ओर से डेढ दर्जन टीमों का गठन कर कार्रवाई कर परिवहन विभाग में फैले व्यापक भ्रष्टाचार का खुलासा हुआ। कार्रवाई के दौरान परिवहन निरीक्षक उदयवीर सिंह को दलाल मनीष मिश्रा से 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकडा गया। दलाल मनीष मिश्रा के पास से अन्य अधिकारियों को मासिक बंधी देने के लिए रखे 1 लाख 20 हजार रुपए भी एसीबी टीम ने जब्त किए। इस प्रकार बड़े पैमाने पर प्राईवेट दलालों के जरिये वाहनों की सूची बनाकर उनकी मासिक बन्धी प्राप्त की जा रही थी तथा उसे परिवहन विभाग के अधिकारियों को पहुंचाया जा रहा था।
जयपुर सहित 17 जगहों पर छापा: परिवहन विभाग के अधिकारी शाहजहांपुर गजेन्द्र सिंह, डीटीओ चौमू विनय बंसल, डीटीओ मुख्यालय महेश शर्मा तथा परिवहन निरीक्षक शिवचरण मीणा, उदयवीर सिंह, आलोक बुढानिया, नवीन जैन, रतनलाल को निरूद्ध कर इनके निवास की तलाशी की जा रही है।
इससे अतिरिक्त प्राईवेट व्यक्ति मध्यस्थ दलाल जसवन्त सिंह यादव बस संचालक गोल्ड लाइन ट्रांसपोर्ट कम्पनी, विष्णु कुमार तनुश्री लॉजिस्टिक, ममता पत्नी योगेश कुमार उर्फ बन्टी तनुश्री लॉजिस्टिक, मनीष मिश्रा तनुश्री लॉजिस्टिक, रणवीर, पवन उर्फ पहलवान व विष्णु कौशिक को भी ब्यूरो की ओर से उनके निवास तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की तलाशी का अभियान जारी है। ब्यूरो की ओर से जयपुर सहित 17 जगहों पर चलाए जा रहे तलाशी अभियान में अब तक एक करोड़ 20 लाख रुपए के करीब नकदी, प्रोपर्टी के दस्तावेज और मध्यस्थ दलालों के पास से रिश्वत लेन-देन की सूचियां, हिसाब-किताब का ब्योरा तथा लेपटॉप, मोबाईल फोन पर लेनदेन एवं रिश्वत हिसाब-किताब के महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
