रिपोर्ट:सैय्यद मकसूदुल हसन
अमेठी। आज जनपद स्तर पर जे0एस0 रेजीडेंसी गौरीगंज में जनपद के परिषदीय विद्यालयों मे कार्यरत् रसोईयों को पुरस्कृत कर उनका प्रोत्साहन तथा उत्साहवर्धन हेतु रसोईया पाक कला प्रतियोगिता 2019-20 आयोजित करायी गयी, जिसमें जनपद के समस्त विकास क्षेत्र/नगर क्षेत्र से 30 रसोइयों द्वारा प्रतिभाग किया गया। समस्त रसोईयो से तहरी व दाल-चावल इत्यादि बनवाया गया। बुधवार को आयोजित प्रतियोगिता का उदघाटन जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार ने दीप प्रज्वलित कर व मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया तथा रसोईयों द्वारा प्रतियोगिता में बनाये गये भोजन का टेस्ट भी किया। इसके उपरान्त प्रतियोगिता हेतु गठित निर्णायक समिति द्वारा प्रतियोगिता परिणाम के आधार पर 30 रसोईयों में से 03 रसोईयों (क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय रसोईयों) का चयन किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर श्रीमती नीलम, प्राथमिक विद्यालय-देवीपाटन द्वितीय, अमेठी, द्वितीय स्थान पर श्रीमती राजकुमारी, उच्च माध्यमिक विद्यालय बालचंदपुर भेटुआ तथा तृतीय स्थान पर श्रीमती मिथलेश, प्रा0वि0 पूरेदयागिरी शुकुल बाजार विजेता रही है। इनको पुरस्कार में प्रथम को धनराशि रूपये 3500.00 द्वितीय को रूपये 2500.00 तथा तृतीय को रूपये 1500.00 चैक के माध्यम से प्रदान किये गये है तथा अवशेष बची 27 रसोईयों को प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने हेतु सांत्वना पुरस्कार रूपये 250.00 तथा प्रतियोगिता स्थल तक आने हेतु रूपये 250.00 की धनराशि (इस प्रकार कुल धनराशि रूपये 500.00 प्रति रसोईया प्रदान की गयी है। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रभुनाथ, अपर पुलिस अधीक्षक दयाराम सरोज, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विनोद मिश्रा सहित अन्य संबंधित मौजूद रहे।
