कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते ऐतिहासिक धारावाहिक रामायण का टीवी पर फिर से प्रसारण हो रहा है। इस बार वो पीढ़ी भी इसे उत्सुकता से देख रही है जो इसे पहले देख चुकी है। नई पीढ़ी के अंदर भी रामायण को लेकर काफी उत्सुकता है। खासकर रामायण के किरदारों को लेकर जिस तरह जिज्ञासा दिखाई जा रही है वो काबिले तारीफ है। कोई राम के बारे में जानना चाह रहा है तो किसी को सीता की खबर चाहिए। कुछ यूजर लक्ष्मण की फिल्मों की खोज कर रहे हैं तो कुछ मेघनाद का अतीत जानना चाह रहे हैं।
ऐसे ही रामायण के एक किरदार को लेकर नई बात सामने आई है। वो किरदार है त्रिजटा। वो राक्षसी जो रावण की अशोक वाटिका में कैद सीता को सांत्वना देती है। त्रिजटा राक्षसी होने के बावजूद बेहद नम्र और समझदार थी। वो ममता के चलते सीता को अपनी बेटी मानती थी औऱ समय समय पर सीता को देश दुनिया के समाचार देकर ढांढस बंधाया करती थी। लोगों ने त्रिजटा के किरदार के बारे में जानना चाहा तो बड़ी ही रोचक बात सामने आई कि त्रिजटा का किरदर अभिनेता आयुष्मान खुराना की सास अनीता कश्यप ने निभाया था।
राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके आयुष्मान खुराना औऱ ताहिरा कश्यप की शादी को 12 साल हो चुके हैं लेकिन कभी भी आयुष्मान और ताहिरा ने इस बात को नहीं बताया। अब कोरोना के चलते ऐसा माहौल बना कि रामायण फिर से प्रसारित हो रही है और उसके सभी किरदारों की खोज करते वक्त ये खुलासा हुआ कि त्रिजटा बनी अनीता कश्यप ताहिरा कश्यप की मां है।
