कुशीनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के बाद रविवार को कुशीनगर का रुख किया। जहां पर उन्होंने कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निरीक्षण करने के साथ कार्य प्रगति की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कार्य प्रगति पर संतुष्टि प्रकट करने के बाद कहा कि उत्तर प्रदेश का यह एयरपोर्ट देश के पर्यटन की तस्वीर बदल देगा। उन्होंने कहा कि कुशीनगर को भगवान महात्मा बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली है। उत्तर प्रदेश बौद्ध सर्किट के लिए सबसे उत्तम स्थान है। कुशीनगर को भगवान महात्मा बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली है जबकि यहां पर सारनाथ भी है, जहां पर उन्होंने दीक्षा प्राप्त की।
इनके साथ ही प्रदेश में उनका जन्मस्थान कपिलवस्तु, श्रावस्ती, कौशाम्बी तथा संकिसा भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनने के साथ ही यहां पर श्रीलंका, नेपाल, थाइलैंड, कम्बोडिया तथा अन्य देशों के पर्यटक आएंगे। उन्होंने कहा कि यह उत्तर प्रदेश का चौथा इंटरनेशनल एयरपोर्ट होगा। लखनऊ तथा वाराणसी में इंटरनेशनल एयरपोर्ट हैं जबकि जेवर में काम शुरू हो गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की एयर कनेक्टिविटी को बेहद सुगम करने के प्रयास में हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम कुशीनगर में हैं। मैं आभारी हूं कि प्रधानमंत्री ने कुशीनगर एयरपोर्ट को इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रूप में मान्यता दी है और आज केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी यहां मौजूद हैं ।
कुशीनगर में एयरपोर्ट के निरीक्षण के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ केंद्रीय केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री हरदीप सिंह पुरी तथा उत्तर प्रदेश के उड््डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी समेत एयरपोर्ट से संबंधित कई वरिष्ठ अधिकारी भी थे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट कुशीनगर का निरीक्षण करने व तैयारियों से संबंधित समीक्षा के लिए कसया हवाई पट्टी पर पहुंचे थे।

