लखनऊ, दीपावली को लेकर परिवहन निगम ने कमर कस ली है। तैयारियां पूरी हो गई हैं। लखनऊ के प्रमुख बस स्टेशनों से दस प्रमुख मार्गों पर करीब 950 बसों को 12 से 21 नवंबर के बीच चलाया जाएगा। बसों को रिजर्व में भी रखा जा रहा है जिससे एकमुश्त यात्री मिलने की दशा में तत्काल बस को रवाना किया जा सके। एमडी धीरज साहू ने इस दौरान सभी कर्मियों की छुट्टियां निरस्त कर दी हैं।
दस प्रमुख रूट जिन पर होगा अतिरिक्त बसों का संचालन
लखनऊ से गाेरखपुर, दिल्ली, बहराइच, गोंडा-बलरामपुर-आजमगढ़, कानपुर, देहरादून, हरिद्वार, वाराणसी, प्रयागराज, सहारनपुर के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इन बसों का संचालन प्रमुख रूप से आलमबाग बस टर्मिनल और कैसरबाग एवं चारबाग बस स्टेशनों से होगा। किसी भी रूट से होकर पूर्वांचल की ओर जाने वाली सेवाएं कमता अवध बस स्टेशन पर रुकेंगी।
चलेंगी 229 अतिरिक्त बसें
इन सभी दस रूटों पर 229 अतिरिक्त बसों को लगाया गया है। इनमें सभी कैटेगरी की बसें शामिल हैं।
950 बसों का होगा संचालन, इनमें 90 होंगी एसी बस
परिवहन निगम प्रशासन करीब 950 बसों को त्योहार में लगाएगा। इसमें यात्रियों की उपलब्धता को देखते हुए बसों की संख्या को घटाया बढ़ाया जा सकता है। इनमें से करीब 90 बसें वातानुकूलित होंगी। वॉल्वो, स्कैनिया, शताब्दी, जनरथ, स्लीपर कोच आदि कैटेगरी की बसें होंगी।
इस वेबसाइट से करा सकते हैं अग्रिम सीट की बुकिंग
यात्री परिवहन निगम की वेबसाइट upsrtconline.com.in पर अपना टिकट बुक करा सकते हैं। शहर बस स्टेशनों के काउंटर से भी बुकिंग और टिकट मिलेगा।
‘दीपावली पर्व की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। दीपावली से छठ पूजा तक लगातार निर्बाध सेवाएं दी जाएंगी।12से 21 नवंबर के बीच विशेष सेवाएं चलाई जाएंगी। अतिरिक्त बसें लगाई जा रही हैं। यात्रियों की संख्या को देखते हुए बसों की संख्या बढ़ाई और घटाई जा सकेगी।‘ -पल्लव बोस, क्षेत्रीय प्रबंधक लखनऊ

