कानपुर चकेरी थाना क्षेत्र के जगईपुरवा आनंदनगर शिवकटरा में बुधवार देर रात घरेलू विवाद के चलते दंपती ने फांसी लगा ली। पड़ोसियों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद दंपती को हैलट अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
जगईपुरवा निवासी 40 वर्षीय राकेश कुमार सिंह, पत्नी 38 वर्षीय अर्चना और दो बच्चों 10 वर्षीय बेटी अदिति और पांच वर्षीय बेटे अंश और मां शकुंतला देवी के साथ रहते थे। पड़ोसियों ने बताया कि लॉकडाउन के पहले राकेश चकेरी की एक मोबाइल शॉप में नौकरी करते थे। लॉकडाउन होने के बाद उनकी नौकरी छूट गई थी। इसके बाद से आए दिन दंपती में विवाद होता था।
बुधवार रात करीब 11 बजे किसी बात पर राकेश व अर्चना में झगड़ा हुआ। शोरगुल होने पर पड़ोसी पहुंचे तो दोनों मकान के ऊपरी कमरे में चले गए थे। इसके बाद चादर फाड़कर आधे टुकड़ों से फंदा बनाकर दोनों ने फांसी लगा ली। झगड़ा शांत देख करीब 12 बजे शकुंतला ऊपरी कमरे में पहुंची तो दोनों फंदे से लटके मिले। शकुंतला की चीख पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग पहुंचे और राकेश व अर्चना को फंदे से उतारकर पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस ने सांस चलती देख दोनों को एलएलआर अस्पताल (हैलट) भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चकेरी थाना प्रभारी रवि कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गृह कलह के चलते दंपती ने फांसी लगा ली है। मामले की जांच की जा रही है।

