प्रयागराज, जिले में माफ़िया के खिलाफ प्रयागराज विकास प्राधिकरण और पुलिस का शिकंजा लगातार कस रहा है। आपरेशान माफ़िया पर कार्रवाई के क्रम में गुुरुवार को पूर्व सांसद और माफ़िया अतीक अहमद के एक और करीबी गुर्गे के आलीशान मकान पर जेसीबी चली। धूमनगंज में मरियाडीह का आबिद प्रधान अतीक अहमद का करीबी शूटर है। उसके मरियाडीह स्थित आलीशान अवैध निर्माण पर पीडीए कार्रवाई कर रही है। पीडीए अफसरों का कहना है कि बिना नक्शा पास कराए अपराधी आबिद प्रधान ने यह निर्माण कराया था। पीडीए की कार्रवाई से इलाके में खलबली मची रही।
अतीक गैंग का हार्डकोर क्रिमिनल है आबिद प्रधान
ऑपरेशन माफ़िया के तहत गुरुवार को माफ़िया अतीक़ अहमद के गुर्गे और हार्ड कोर क्रिमिनल आबिद प्रधान के लालबिहारा के रसूलपुर मारिया डीह स्थित अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। आबिद ने बिना नक्शा पास कराए आलीशान मकान बनवाया था।
बसपा विधायक राजू पाल हत्या में आबिद भी आरोपित है। इसके अलावा धूमनगंज के मरिया डीह में अपनी चचेरी बहन और ड्राइवर की हत्या करने का भी आरोप है। आबिद ने अतीक़ के इशारे पर कई वारदातों को अंजाम दिया है। आबिद पर दो दर्जन से ज़्यादा मुकदमे दर्ज हैं। हाल में ही वह जमानत पर बाहर आया है। कई थाने की फ़ोर्स के साथ टीम ने चार जेसीबी से मकान ध्वस्त करना शुरू किया।

