कानपुर, नौबस्ता से मौरंग मंडी बिनगवा गए काफी समय गुजर चुका है। इसके बाद भी नौबस्ता चौराहे से बंबा के बीच ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की अराजकता कम नहीं हुई। हमीरपुर रोड किनारे इन्हेंं फुटपाथ पर खड़े आसानी से देखा जा सकता है। सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां कोहरे में काल बनकर खड़ी होती हैं।
नौबस्ता के आगे लगती अवैध मंडी
मौरंग मंडी के बिनगवा जाने के बाद भी पुरानी मौरंग मंडी से नौबस्ता बंबा के आगे तक कई स्थानों पर अवैध मंडी लगती है। यहां भवन निर्माण सामग्री का बड़े पैमाने पर कारोबार होता है। केंद्राचल कॉलोनी नौबस्ता के आस पास ईट मंडी भी सज रही है। यहां सड़क पर ही बड़ी संख्या में ईंट लदी ट्रैक्टर ट्रॉलियां खड़ी रहती है, जिससे रास्ता संकरा हो जाता है। ऐसा ही हाल हमीरपुर रोड का है। यहां भी मौरंग और गिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी होती है। जो कोहरे में नजर नहीं आती। सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के खड़े होने से हादसे की संभावनाएं अधिक होती हैं क्योंकि इनमें न तो टेल लाइट न पाॄकग लाइट और न ही रेट्रो टेप की पट्टी लगी होती है।
जाम का बड़ा कारण भी
सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉलियों के चलते नौबस्ता में जाम की स्थिति बनती है। जाम की समस्या को देखते हुए पूर्व में कई बार यातायात पुलिस ने इनके खिलाफ अभियान चलाया। अब सब ठंडे बस्ते में है और इनकी अराजकता चरम पर है।
इनका ये है कहना
सड़क पर अराजकता करने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी
– बसंत लाल, एसपी ट्रैफिक

