रिपोर्ट:सैय्यद मकसूदुल हसन
अमेठी, जिलाधिकारी अरुण कुमार ने कल देर शाम कैम्प कार्यालय में स्थानीय निकाय की बैठक कर शहरी क्षेत्र में कराए गए कार्यों की समीक्षा किया एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने समस्त ईओ को निर्देशित करते हुए कहा कि 14वें वित्त आयोग से आवंटित धनराशि का शत-प्रतिशत उपयोग मदों में करना सुनिश्चित करें एवं कार्य योजना के अनुरूप ही कार्य की गुणवत्ता के साथ कार्य निर्माण करें। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा उदासीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी व संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने समस्त ईओ को शहरी क्षेत्र में नालियों/सड़कों की बेहतर साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए, इसके साथ ही उन्होंने सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी ईओ को पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चलाकर पॉलिथीन विक्रेताओं पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए, इसके साथ ही उन्होंने शहरी क्षेत्र में समस्त मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी सुशील प्रताप सिंह सहित समस्त ईओ मौजूद रहे।

