लखनऊ, क्रिसमस के एक महीने पहले से होेने वाले आयोजन पर कोरोना का ग्रहण लगा गया है। शहर के सबसे बड़े कैथेड्रल में आयोजन स्थगित करने के फादर के एलान के साथ ही अब एबीसी चर्च ने भी छोटे आयोजन करने का एलान किया है। कैथेड्रल के फादर डॉ. डाेनाल्ड डिसूजा ने बताया कि 25 को सिर्फ फादर ही प्रभु का गुणगान करेंगे। भीड़ नहीं आने दी जाएगी। एसेंबली ऑफ बिलिवर्स चर्च (एबीसी) की ओर से हर साल क्रिसमस से पूर्व उनके तीन दर्जन से अधिक गिरजाघराें में आयोजन होते थे। कोरोना काल के तहत अभी तक महज एक तिहाई आयोजन ही तय हो सके हैं। रवींद्रालय समेत तीन प्रमुख क्रिसमस आयोजन इस वर्ष नहीं होंगे।
एबीसी के प्रवक्ता पादरी मॉरिस कुमार ने बताया कि प्रमुख बड़े आयोजन नहीं होगे। रवींद्रालय के अलावा आइटी कॉलेज में होने वाला क्रिसमस कंटाटा आयोजन और क्राइस्ट चर्च में होने वाले क्रिसमस वरशिप मुख्य आयोजन नहीं होंगे। बाकी अन्य चर्च में 50 से 100 लोगों की मौजूदगी में होने वाले क्रिसमस कैंडिल लाइट सर्विस, क्रिसमस वर्शिप आयोजन होंगे। 10 से आयोजन शुरू होंगे। कैंट के वैसलीन मेथाेडिस्ट चर्च में 17 दिसंबर को क्रिसमस कैंडल लाइट सर्विस होगी। चर्च के बिशप अरुण सिंह ने बताया कि 20 और 21दिसंबर को आठ से 10 सदस्यों का छोटा कैरल सिंगिंग समूह कैंट में घर-घर जाकर कैरल सिंगिंग करेगा। दो दिनों में लगभग 35 – 40 घरों में दल जाएगा। सभी मास्क और सैनिटाइजर के साथ चलेंगे।
कब क्या होगा
- 13 दिसंबर- शाम 6 बजे एबीसी सिंगारनगर
- 16 दिसंबर- शाम 6 बजे एबीसी अलीगंज
- 15 से 18 दिसंबर-एबीसी सुजानपुर, एबीसी गोमतीनगर, एबीसी चौक व एबीसी इंदिरानगर


