बुलंदशहर, जनपद हाथरस के सासनी से बीड़ी फैक्ट्री का कलेक्शन करके कार से लौट रहे कारोबारी और उसके के साथी से पुलिस की वर्दी पहने तीन बदमाशों ने 18.50 लाख की नगदी और कार लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। सूचना पर पहुंची अरनिया, खुर्जा नगर और देहात थाना ने बदमाशों को पकड़ने के लिए कांबिंग की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। जिसके बाद मुकदमा दर्ज करने को लेकर पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। बाद में पीड़ित की तहरीर पर अरनिया थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
इशारा करके कार रुकवाई
पूर्वी दिल्ली के थाना सीलमपुर क्षेत्र के डीडीए फ्लैट शास्त्री पार्क निवासी मोहम्मद सिराज पुत्र मुफिजम ने बताया कि वह अपने साथी मुन्ना पुत्र अब्दुल कयूम के साथ अपनी बीड़ी फैक्ट्री का कलेक्शन करके शनिवार दोपहर बाद हाथरस जनपद के सासनी से कार में सवार होकर लौट रहा था। रास्ते में हाईवे 91 गांव रोहिंदा के पास उन्होंने एक ढाबे पर खाना खाया। जिसके बाद वह कार लेकर चले तो इसी दौरान अपाचे बाइक सवार पुलिस की वर्दी पहने तीन व्यक्तियों ने कार को रुकवाने के लिए इशारा किया। जिस पर उन्होंने कार रोक ली। कार के रुकते ही बाइक पर बैठे दो बदमाश आकर कार में बैठ गए। जिन्होंने पीछे किसी को टक्कर मारकर आने की बात पीड़ितों से कहीं और समझौता करने की बात कहने लगे।
धक्का मारकर गिरा दिया
इसके साथ ही दोनों से कार में पीछे बैठने की बात कही। जिस पर सिराज व मुन्ना पीछे बैठने के लिए कार से उतरने लगे। तभी उनमें से एक बदमाश ने सिराज को धक्का मारकर गिरा दिया और कार लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि कार में 18.50 लाख रुपये व दो मोबाइल थे। किसी तरह पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर अरनिया, खुर्जा नगर व खुर्जा देहात पुलिस मौके पर पहुंच गई और बदमाशों को पकड़ने के लिए कांबिंग की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। हालांकि पुलिस को बदमाशों द्वारा लूटी गई कार गांव बरौली के निकट हाईवे पर खड़ी मिल गई, लेकिन उससे रुपये गायब थे। मामले में पीड़ित सिराज ने अरनिया थाना में तहरीर देकर अज्ञात में मुकदमा दर्ज कराया है।
घटना को छुपाने की कोशिश करती रही पुलिस
वारदात की जानकारी होने पर अरनिया, खुर्जा नगर और खुर्जा देहात पुलिस मौके पर पहुंच गई। बदमाशों को पकड़ने की कोशिश के बाद अरनिया और खुर्जा नगर पुलिस घटना के स्थान को लेकर सीमा विवाद में उलझी रही। वही घटना को छुपाने की भी पुलिस कोशिश करती रही। हालांकि बाद में रात करीब एक बजे अरनिया थाना में मुकदमा दर्ज किया गया।

