नई दिल्ली। पुलिस ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा के दौरान मारे गए आईबी अफसर अंकित शर्मा की हत्या के मामले में नया खुलासा किया है। अंकित शर्मा की हत्या के आरोपी सलमान उर्फ नन्हें ने बताया कि दर्जन भर लोगों ने मिलकर अंकित पर हमला किया था। यह खुलासा गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से अलीगढ़ के मोहल्ला ऊपरकोट के भुजपुरा निवासी हसीन उर्फ सलमान ने किया है। उसने अंकित शर्मा की हत्या का गुनाह कबूल कर लिया है। सलमान का कहना है कि भीड़ ने अंकित शर्मा पर लगातार आधे घंटे तक वार करती रही। किसी ने भी उन्हें बचाने का प्रयास नहीं किया। सलमान सुंदर नगरी में रहता है, लेकिन दंगा करने के लिए चांद बाग आया था। वह तीनों दिन हुए दंगों में दोस्तों के साथ शामिल था।
सलमान ने बताया कि अंकित की हत्या बड़े ही बेहरमी से की गई थी। इसके लिए पहले उसे 10 से 12 लोगों ने जमकर पीटा था। फिर उसे घसीटते हुए ताहिर हुसैन की घर की तरफ ले गए और वहां चाकुओं से उस पर ताबड़तोड़ वार किए गए थे।
पुलिस ने बताया कि जब सलमान का फोन सर्विलांस पर लगाया गया था तो उसने किसी से कहा कि दंगे में हमने एक को बुरी तरह से गोद डाला था। इस वाक्य ने ही उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। दरअसल पुलिस ने उसे इस बात पर ही हिरासत में लिया और उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने अंकित की हत्या की बात स्वीकार कर ली।
ऐसे पकड़ में आ रहे चेहरे…
दिल्ली दंगों की जांच में जुटी पुलिस ने चेहरों की पहचान के लिए आइडेंटिफिकेशन सॉफ्टवेयर का सहारा लिया है। अब तक 11 सौ से ज्यादा लोगों की पहचान की जा चुकी है। इसमें तीन सौ से ज्यादा लोग यूपी से दंगा करने के लिए आए थे। इससे गहरी साजिश का खुलासा होता है। खुद गृह मंत्री अमित शाह ने इस बात का खुलासा किया था। उन्होंने कहा था कि एक ही समुदाय के 1100 लोगों को पकड़ने की बात गलत है। पुलिस ने कुल 2647 लोगों को गिरफ्तार किया है।
14 और आरोपियों को दबोचा…
हिंसा मामले की जांच में जुटी क्राइम ब्रांच की SIT ने शुक्रवार को 14 और आरोपियों को दबोच लिया है। पुलिस के हत्थे चढ़े ये आरोपी चांद बाग इलाके में हुई हिंसा मामले में गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों की धर-पकड़ की कार्रवाई में करने के लिए15 टीमें दिल्ली-एनसीआर सहित करीब दो दर्जन से ज्यादा इलाकों में लगातार दबिश दे रही हैं।
