इटावा थाना ऊसराहार क्षेत्र के महुआ पटियात ग्राम में रविवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब दो किशोरों के शव आम के पेड़ पर लटके मिले। दोनों रात में रहस्मय ढंग से गायब हो गए थे और उनके शरीर पर चोट के निशान हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।

महुआ पटियात ग्राम निवासी राकेश कमल का बेटा इंटरमीडिएट का छात्र आकाश और गेंदालाल यादव का पुत्र हाईस्कूल छात्र अंकुल आपस में दोस्त थे। रविवार रात को दोनों रहस्मय ढंग से गायब हो गए थे और घरवाले उनकी खोजबीन में जुटे थे। सोमवार की सुबह गांव के बाहर सन्नाटे में 15 फुट ऊंचे आम के पेड़ पर दोनों के शव लटके देखकर सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर स्वजन भी पहुंच गए और उनके शव देखते ही कोहराम मच गया। उनके शरीर पर गहरे चोंट के निशान देखकर स्वजनों और ग्रामीणों ने हत्या के बाद शव पेड़ पर लटकाए जाने की आशंका जताई।
घटना की जानकारी पर एएसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह, सीओ भरथना चंद्रपाल सिंह मौके पर पहुंचे। एएसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह ने बताया कि अभी घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो रहा है। दोनों किशोरों के परिवार मजदूर वर्ग के हैं और उनकी किसी से रंजिश भी नहीं थी। ऐसा किस कारण से हुआ है इसकी छानबीन कराई जा रही है। गांव के लोग अभी साफ तौर पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर साक्ष्य एकत्रित किए, पुलिस ने दोनों के मोबाइल अपने कब्जे में ले लिए हैं।
दोनों बहुत अच्छे दोस्त थे
पेड़ पर लटके मिले आकाश व अंकुल दोनों बहुत अच्छे दोस्त थे। वे दिन भर साथ रहते थे और एक दूसरे के हर काम में शरीक भी रहते थे। उनकी दोस्ती की चर्चा पूरे गांव में रहती थी। पुलिस आत्महत्या व हत्या दोनों बिंदुओं पर जांच रही है। रविवार की शाम को दोनों साइकिल से समोसा खाने की बात कहकर घर से निकले थे। दोनों के घर आमने-सामने हैं। अंकुल की बहन कल्पना ने भाई को मार डालने का आरोप लगाया है।



