वाराणसी, पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यूपी पर्यटन लगातार वाराणसी पर आधारित पोस्टर जारी कर रहा है। इस पूरे माह यूपी टूरिज्म की ओर से काफी पोस्टर वाराणसी की थीम पर जारी किया गया है। गुरुवार देर शाम गंगा आरती पर पोस्टर जारी कर काशी की भव्यता में चार चांद लगाने वाले आयोजन के बारे में जानकारी साझा की गई है।
पोस्ट के साथ लिखा है कि – ‘वाराणसी के गंगा घाट पर हर सांझ भव्य आरती का आयोजन होता है। यहां की हर शाम दीपों से जगमग और मंत्रो से गुंजायमान होती है। संस्कृति के इतने अनूठे रूप का आनंद लेने के लिए आप भी आ पहुंचिए बनारस के घाटों पर और अपना अनुभव सबके साथ साझा कीजिये।’
वाराणसी में होने वाली नैत्यिक गंगा आरती विश्व भर में प्रसिद्ध है। पीएम नरेंद्र मोदी और जापान के पीएम शिंजो अबे के अलावा भी कई ख्यात हस्तियां इस गंगा आरती में शामिल हो चुके हैं। गंगा आरती का यह आयोजन सुबह और शाम को विभिन्न घाटोंं पर आयोजित किया जाता रहा है। वाराणसी आने वाले पर्यटक गंगा दर्शन और बाबा दरबार में हाजिरी लगाने के अलावा गंगा आरती में हिस्सा लेना नहीं भूलते।

