कानपुर कानपुर में सट्टा किंग की पहचान बनाने वाला सटोरिया सानू सरदार बेहद शातिर है, उसके तार दुबई और आबूधाबी से भी जुड़े हैं। रविवार को जयपुर से गिरफ्तार करके सोमवार को कानपुर की अदालत में पेश किया तो उसे जमानत मिल गई। इसके बाद वह जयपुर रवाना हो गया, उसका अंदाज ऐसा था कि जैसे गिरफ्तारी का कोई रंज ही न हो।
साथी के साथ जयपुर में पकड़ा
कानपुर में सट्टा का कारोबार उजागर होने के बाद सट्टा माफिया साेनू सरदार की तलाश पुलिस एक माह से कर रही थी। रविवार देर रात सट्टा किंग सोनू सरदार को पुलिस ने जयपुर स्थित घर से और फरार साथी काकादेव के पांडु नगर निवासी सट्टा माफिया रंजीत उर्फ रिंकू को नौबस्ता से गिरफ्तार किया था। सोनू आइपीएल मैचों, अमेरिका में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव समेत सेंसेक्स पर सट्टा लगवाता था। दोनों के पास से पुलिस ने लैपटॉप और पांच एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
अदालत से सोनू को जमानत, साथी को जेल
पुलिस ने सोमवार को दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया, जहां से सोनू को जमानत मिल गई। इसके बाद आधी रात में सोनू जयपुर लौट गया, जबकि रिंकू को जेल भेजा गया है। पुलिस अब आरोपपत्र दाखिल कर गैंगस्टर लगाने की तैयारी कर रही है। एसपी पश्चिम डॉ. अनिल कुमार और एसपी साउथ दीपक भूकर ने बताया कि दोबारा फिर सोनू का नाम आने पर जयपुर टीम भेजी गई।
आखिरकार रविवार को सोनू पुलिस के हत्थे चढ़ गया। वह जयपुर के जवाहर नगर राजा पार्क स्थित ओम शुभ प्राइड अपार्टमेंट में अपने फ्लैट पर ही था। रंजीत पिछले माह पकड़े गए हरप्रीत गैंग का खास बुकी था। पुलिस ने उसके बेटे को जेल भेजा था। बरामद लैपटॉप और मोबाइल फोन से अहम जानकारियां मिलने के आसार हैं।
एक माह पहले खुला था सट्टे का बड़ा खेल
पिछले माह पुलिस ने नजीराबाद, फजलगंज और काकादेव में एक साथ छापा मारकर आइपीएल मैचों में लाखों रुपये का सट्टा होते पकड़ा था। मौके से हरप्रीत सिंह बेदी, ईशान भाटिया समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार कर करीब 94 लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे। सट्टे का पूरा खेल विभिन्न क्रिकेट एप की मदद से हो रहा था। पकड़े गए गैंग के तार जयपुर में रहने वाले शहर के पुराने सट्टा माफिया सोनू सरदार से जुड़े मिले थे।
पुलिस टीम जयपुर पहुंची, लेकिन वह फरार हो गया था। इसके बाद आठ अक्टूबर को भी पुलिस ने नजीराबाद व फजलगंज में छापा मारकर सोनू के ही एक और गैंग का राजफाश किया। इसमें लक्की गंभीर समेत आरोपितों को गिरफ्तार करके करीब 35 लाख रुपये बरामद किए गए थे।

