नई दिल्ली, एएनआइ। माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर (twitter) डाउन हो गया, जिसके चलते लाखों लोग अपने अकाउटंस पर अपडेट नहीं देख पाए। ऐसे में ट्विटर ने साफ कर दिया है कि हमारे इंटर्नल सिस्टम में कुछ दिक्कत आई है, लेकिन अभी तक हैकिंग जैसी कोई बात नहीं है। कंपनी की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि कई लोगों का ट्विटर काम नहीं कर रहा है, हम इस दिशा में कार्य कर रहे हैं।
दुनियाभर में करोड़ो लोगों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाला ट्विटर 15 अक्टूबर की शाम को डाउन हो गया था, हालांकि ट्विटर की सेवाएं फिर से बहाल हो गई है। लगभग 2 घंटे तक ग्लोबल आउटेज के चलते ट्विटर डाउन रहा। दुनियाभर के देशों में लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। भारतीय समय के अनुसार करीब 7 बजे ट्विटर की साइट डाउन हो गई थी।
बीती शाम को ट्विटर यूजर्स को साइट पर लॉगइन करने में दिक्कत हो रही थी। यूजर्स कोई भी ट्वीट नहीं हो पा रहा था। यही नहीं कुछ यूजर्स अपने अकाउंट में लॉगइन तो कर पा रहे थे, लेकिन उन्हें सर्च करने पर कुछ भी कंटेंट नहीं दिखाई दे रहा था।


