जयपुर । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. सतीश पूनियां ने सीकर जिले के तिहावली गाँव जाकर दिल्ली में नागरिकता संशोधन विधेयक का विरोध कर रही भीड़ के हाथों जान गँवाने वाले दिल्ली पुलिस के जवान रतनलाल के घर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात कर, ढाँढस बँधाया।
डाॅ. पूनिया ने शहीद की पत्नी, भाई पुत्र और पुत्रियों से मिलकर उन्हें आश्वस्त किया की भाजपा परिवार उनके दुःख की इस घड़ी में उनके साथ है। रतनलाल जैसे कर्तव्यनिष्ठ और बहादुर जवान की शहादत पर पूरे प्रदेश को गर्व है।
उन्होंने परिवार को बताया कि भारत सरकार ने तुरंत निर्णय लेकर शहीद रतनलाल की शहादत का सम्मान करते हुए उन्हें शहीद का दर्जा देकर परिवार को इसके तहत मिलने वाली सारी सुविधाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सभी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए है कि वो इस कठिन घड़ी में शहीद के परिवार के साथ खड़े रहें।
डाॅ. पूनिया ने उन्हें बताया की जैसे ही स्थानीय सांसद स्वामी सुमेधानंद और झुंझुनूं सांसद नरेन्द्र खिचड़ ने परिवार और गाँव वासियों की जवान को शहीद का दर्जा देने की माँग के बारे में उन्हें बताया उन्होंने तुरंत केंद्रीय गृहराज्य मंत्री जी. किशन रेड्डी से बात की और उन्होंने भी तुरंत कार्यवाही करते हुए रतनलाल को शहीद का दर्जा और बाकी सुविधाएँ देने के आदेश जारी कर दिए, खुद गृहमंत्री अमित शाह ने उन्हें फोन कर इस बात की जानकारी दी।
