गोरखपुर । कोरोना वायरस अब उत्तर प्रदेश में भी पांव पसार रहा है। प्रदेश में कोरोना से मौत का पहला मामला सामने आया है। बस्ती जिले के 25 साल के कोरोना संक्रमित युवक की गोरखपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत दो दिन पहले ही हो गई थी, बुधवार को उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव (Covid-19) आई है। इसके अलावा मेरठ में 72 साल के कोरोना संक्रमित मरीज की मौत का मामला सामने आया है। हालांकि मेरठ में अभी पुष्टि होनी बाकी है। बता दें कि यूपी में कोरोना वायरस के मरीज 100 के पार हो चुके हैं। इसमें सबसे ज्यादा मामले नोएडा से हैं।
लखनऊ की किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह ने एनबीटी को बताया, ‘गोरखपुर से जिस 25 साल के युवक की रिपोर्ट आई थी, वह पॉजिटिव है। वह बस्ती के गांधीनगर इलाके का रहने वाला था। युवक को रविवार को गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। सोमवार की सुबह उसकी मौत हो गई। युवक को सांस लेने में तकलीफ थी। मौत के बाद स्टाफ ने बताया कि उनके अंदर कोरोना के लक्षण थे।’
केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह ने बताया कि सलाइवा का नमूना टेस्ट के लिए पहले बीआरडी मेडिकल कॉलेज की लैब में भेजा गया। वहां से भी रीऐक्टिव आया। पुष्टि के लिए मंगलवार को केजीएमयू भेजा गया। बुधवार की सुबह पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। प्रवक्ता सुधीर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट पॉजिटिव है। इस बारे में विस्तृत जानकारी गोरखपुर के सीएमओ देंगे।
KGMU प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह ने बताया कि मंगलवार शाम आए सैंपल में से दो की रिपोर्ट पॉजिटिव है। इसमें आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती 54 साल के शख्स की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, लखनऊ में कोई नया केस नहीं सामने आया है।
इस बीच मृतक के संपर्क में आने वाले लोगों को अब आइसोलेट किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज में आने से पहले वह बस्ती जिले के अस्पताल में 7 दिन तक भर्ती था। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में हाई अलर्ट घोषित किए जाने के साथ ही कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग भी की जा रही है। स्टाफ को पहले ही आइसोलेट किया गया है।
गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में कोरोना वार्ड में भर्ती युवक की मौत के बाद बस्ती के गांधीनगर इलाके को सील कर दिया गया है। मोहल्ले को सैनिटाइज किया जा रहा है। वरिष्ठ अफसर मौके पर पहुंच गए हैं। मृतक के परिजनों को रैपिड रिस्पांस टीम अपने साथ जांच के लिए ले गई है। मोहल्ले के लोगों को घर से बाहर न निकलने की सख्त हिदायत दी गई है। नोडल अधिकारी डॉ. फखरेयार हुसैन ने बताया कि मृतक के जनाजे में शामिल लोगों की तलाश की जा रही है। क्षेत्र में चर्चा है कि युवक कुछ समय पहले ही विदेश से लौटा था।
