सरोजनीनगर। तेंदुए की तलाश फॉरेस्टर विनोद सिंह के नेतृत्व में वन विभाग के कर्मचारियों ने गहरु और रनियापुर जंगल में कांबिंग की, लेकिन काफी देर कांबिंग करने के बाद भी तेंदुआ कहीं नजर नहीं आया। वन विभाग कर्मियों की माने तो उन्हें रनियापुर स्थित जंगल में तेंदुआ होने की किसी ने सूचना दी थी। जिसके बाद वन कर्मियों ने वहां पहुंचकर काफी देर तक तेंदुए की तलाश की, लेकिन इसके बावजूद वन विभाग की टीम को तेंदुआ नहीं मिला। आए दिन इलाके में तेंदुए की चहलकदमी की खबर से वन विभाग की टीम भी काफी हैरान है और वह रोज इलाके में फैले जंगलों को खंगालने में जुटी है।
उधर रविवार देर शाम इलाके के पिपरसंड क्षेत्र में तेंदुए की चहलकदमी की चर्चाएं जोर रहीं। जिसको लेकर ग्रामीणों में काफी दहशत फैल गई। फिलहाल सोमवार को वन विभाग की टीम ने इलाके के अनौरा स्थित जंगल से जुड़े पचकरिया देवी तक करीब एक किलोमीटर दूर तक भी जंगल में तेंदुए को काफी ढूंढा, लेकिन तेंदुआ कहीं नहीं मिला। अंदाजा लगाया जा रहा है कि तेंदुआ आसपास किसी जंगल में ही छुपा है, जो रात में ही निकल कर अपना शिकार ढूंढता रहता है। बताते चलें कि पिछले 4 दिनों से अनौरा गांव के आसपास जंगल में तेंदुआ होने की चर्चा से अनौरा, गहरु, पिपरसण्ड, थर व चकौली आदि आसपास गाँवों के ग्रामीण काफी दहशत में हैं।
