[object Promise]
पडरौना,कुशीनगर : जिले के पटहेरवा थाना क्षेत्र में मारपीट के आरोपी की पुलिस की पीआरवी वैन से ले जाते रास्ते में हादसे में मौत हो गयी। पुलिस ने इस मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एसपी की जांच में पता चला कि थानेदार के निर्देश पर दो सिपाहियों ने बिना केस दर्ज किए ही आरोपी को हिरासत में ले लिया था। इसे ड्यूटी में लापरवाही मानते हुए एसपी ने थानेदार व दोनों सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया है।
गुरुवार को देर शाम छह बजे पटहेरवा थाना क्षेत्र के लबनिया गांव से किसी ने 112 नंबर पर सूचना दी कि एक युवक लोगों से अनायास विवाद कर रहा है। सूचना पर मौके पर पहुंची 112 नंबर पुलिस ने गांव के आरोपी कैलाश (40) को पकड़ कर थाने ले जा रही थी। इसी दौरान हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस का कहना है कि वह पेशाब करने के लिए उतरा था, इसी दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आकर घायल हो गया।
उसे पुलिस ने फाजिलनगर सीएचसी पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देख कर जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
उधर, वैन से मौत की सूचना पर एसपी ने मौके पर रात में ही एएसपी अयोध्या प्रसाद सिंह को भेजा। पता चला कि जिसे वैन से लाया जा रहा था, उसके खिलाफ थाने में कोई केस ही दर्ज नहीं था। एसपी विनोद कुमार मिश्र ने इसे पुलिस की लापरवाही मानते हुए पटहेरवा थानेदार संजय कुमार सिंह तथा पीआरवी वैन के दोनों सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया।
