बलरामपुर। बलरामपुर की महिला जिला अध्यक्ष मंजू तिवारी का फायरिंग करते हुए वीडियो वायरल होने के बाद उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने पर प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। कोरोना वायरस के अंत के लिए पीएम नरेंद्र मोदी की आह्वान पर रविवार को जहां देश भर में लोगों ने दीपदान कर एकजुटता का संदेश दिया, वहीं कुछ लोगों ने इस मौके पर कानून व्यवस्था के उल्लंघन की स्थितियां भी बना दी। ऐसा ही एक मामला यूपी के बलरामपुर जिले में सामने आया, जहां कोरोना वायरस और दीपदान के नाम पर बीजेपी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मंजू तिवारी ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से जमकर फायरिंग की।
जब देश दीया जला रहा था तब बीजेपी की यह नेता दाग रही थीं गोली… pic.twitter.com/EBOxgnYWhT
— NBT Uttar Pradesh (@UPNBT) April 6, 2020
खास बात यह कि मंजू तिवारी ने इस का विडियो अपने फेसबुक अकाउंट पर भी अपलोड किया है। इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को संज्ञान में लेते हुए बलरामपुर के एसपी देव रंजन वर्मा ने कहा है कि बीजेपी नेता के वीडियो के आधार पर पुलिस ने एक एफआईआर दर्ज की है और अब इस मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
