हरियाणा को साधेंगे अमित शाह

admin
By admin
2 Min Read

हरियाणा भाजपा ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव की बिसात बिछानी शुरू कर दी है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का प्रभाव खत्म करने को पार्टी आलाकमान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को हरियाणा में उतारने का निर्णय लिया है। उनकी पहली रैली 29 जनवरी को सोनीपत के गोहाना में होगी। इसके अलावा तीन फरवरी को तीन जिलों में राज्य स्तरीय रविदास जयंती कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 
पार्टी ने गोहाना रैली व रविदास जयंती के कार्यक्रमों के लिए संयोजक और समन्वयक नियुक्त कर दिए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ ने गोहाना रैली के लिए सांसद रमेश कौशिक को संयोजक नियुक्त किया है। 
विधायक एवं प्रदेश महामंत्री मोहनलाल कौशिक रैली के समन्वयक बनाए गए हैं। रविदास जयंती के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए धनखड़ ने सांसदों और विधायक की जिम्मेदारी तय की है। 
नरवाना में होने वाले कार्यक्रम के लिए राज्यसभा सांसद कृष्ण पंवार को संयोजक, सुनीता दुग्गल को सह-संयोजक और प्रदेश महामंत्री वेदपाल एडवोकेट को समन्वयक नियुक्त किया है। 
गुरुग्राम के कार्यक्रम के लिए मंत्री डॉ. बनवारी लाल संयोजक, पटौदी के विधायक सत्यप्रकाश जरावता सह-संयोजक और प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा समन्वयक बनाए गए हैं। यमुनानगर के कार्यक्रम के लिए सांसद रतनलाल कटारिया संयोजक, पूर्व विधायक बलवंत सिंह सह-संयोजक और प्रदेश महामंत्री डॉ. पवन सैनी समन्वयक होंगे। 
भाजपा सोशल मीडिया एवं मीडिया प्रदेश प्रमुख डॉ. संजय शर्मा ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री की रैली की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। 
गुरुग्राम, यमुनानगर व नरवाना में संत गुरू रविदास की जयंती राज्य स्तर पर मनाने का पार्टी ने निर्णय लिया है। गोहाना में शाह की लोकसभा क्षेत्र की रैली होगी। रविदास जयंती के कार्यक्रमों के जरिये सामाजिक समरसता और प्रगाढ़ की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *