डेस्क। राजस्थान के बाड़मेर में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक सरकारी स्कूल में ग्रामीणों को अफीम और डोडा पोस्त परोसा जाने के बाद प्रशासन सख्त नज़र आ रहा हैं। बता दें कि ग्रामीण इसके बाद स्कूल में ही बैठकर नशा करने लगे। वहीं इस मामले के वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन में भी हड़कंप मच गया।
सोशल मीडिया पर वीडियो आने के बाद लोग कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। यह मामला गुड़ामालानी थाना क्षेत्र के रावली नाडी स्कूल का है ऐसी जानकारी मिली है।
साथ ही जानकारी के अनुसार स्कूल में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के समापन के बाद 10-12 ग्रामीण स्कूल पहुंच गए। फिर स्कूल में ग्रामीण दरी बिछाकर एक दूसरे को अफीम और डोडा पोस्त बांटने लगे और स्कूल में ही नशा भी करने लगे।
इस घटनाक्रम के चार अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसके बाद बाड़मेर प्रशासन में हड़कंप मच गया और मामले की जांच जारी है।
सीबीईईओ ओमप्रकाश विश्नोई ने इस मामले को लेकर कहा कि स्कूल के कुछ वीडियो सामने आए हैं और इस संबंध में जांच पड़ताल जारी है। आगे सफाई देते हुए उन्होंने बताया कि स्कूल पहुंचने से पहले ही वहां से सब निकल चुके थे। साथ ही आगे की कार्यवाही के लिए स्टूडेंट्स, टीचर और अभिभावकों के बयान दर्ज कर एसडीएम को रिपोर्ट भी सौंपी जाएगी।
ऐसे आरोप लगाए जा रहें हैं कि स्कूल में सहयोग राशि से डोडा पोस्त लाया गया था। परंतु शिक्षा विभाग ने इस बात की अभी इसकी पुष्टि नहीं की है इसीकारण जांच के बाद ही पूरे मामले की परतें खुल सकेंगीं।
