Crime News नई दिल्ली । सिंगर केके की मौत से पहले का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जिसमें वह कथित तौर पर सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल जाने से पहले नजर आ रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज में केके होटल की लॉबी में नजर आ रहे हैं। वीडियो में केके तौलिया लेकर चलते नजर आ रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच कॉन्सर्ट के दौरान वेंटिलेशन की कथित कमी को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि कोलकाता पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया, जिस पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा को इसका राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए।
पुलिस ने कहा कि गायक का पोस्टमार्टम किया जा चुका है और रिपोर्ट का इंतजार है। एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया, “पुलिस ने केके जिस होटल में ठहरे थे, उसके मैनेजर और अन्य कर्मचारियों से बात की है। न्यू मार्केट थाने में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया है। यह पांच सितारा होटल उसी थाना क्षेत्र में आता है। जिसमें केके रह रहे थे। उन्होंने अस्पताल ले जाने से पहले इसी होटल में अस्वस्थ होने की शिकायत की थी।
“हमने गायक केके की मौत की जांच शुरू कर दी है और न्यू मार्केट पुलिस स्टेशन में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है। हम होटल के अधिकारियों से बात कर रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं कि उन्हें अस्पताल ले जाने से पहले क्या हुआ था। उस गायक कृष्णकुमार कुन्नाथ का मंगलवार रात कोलकाता में निधन हो गया। उन्हें केके के नाम से जाना जाता था। केके 53 साल के थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को मुंबई में किया जाएगा।
