Rakesh Tikait News कर्नाटक । कर्नाटक में एक शख्स ने भारतीय किसान यूनियन (BKU) के नेता राकेश टिकैत पर काली स्याही फेंक दी। घटना बेंगलुरु प्रेस क्लब की है, जहां किसान नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पहुंचे थे । इसी दौरान एक व्यक्ति ने उन पर स्याही फेंक दी। (राकेश टिकैत) इसके बाद टिकैत समर्थकों ने उस शख्स को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।
इस दौरान प्रेस क्लब में उस शख्स की जमकर पिटाई की। लोगों ने एक दूसरे पर कुर्सियां भी फेंकी। घटना के वक्त टिकैत के सहयोगी नेता युद्धवीर सिंह भी मौजूद थे।
उस पर स्याही फेंके जाने के बाद टिकैत ने कहा कि यह यहां की पुलिस की जिम्मेदारी है। पुलिस ने यहां सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए हैं। यह काम पूरी तरह से सरकार की मिलीभगत से किया गया है। उन्होंने इसे सरकार की साजिश बताया है।
स्टिंग ऑपरेशन के वीडियो पर सफाई देने आए थे टिकैत
दरअसल टिकैत एक चैनल के स्टिंग ऑपरेशन के वीडियो पर सफाई देने आए थे। इस वीडियो में कर्नाटक के किसान नेता कोडिहल्ली चंद्रशेखर पैसे मांगते हुए पकड़े गए। राकेश और युद्धवीर कहने आए थे कि वे इसमें शामिल नहीं हैं और फर्जी किसान नेता कोडिहल्ली चंद्रशेखर के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके बाद प्रेस कांफ्रेंस में दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। बहस के दौरान दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए।
किसान नेता बोले- हम स्याही से नहीं डरते
टिकैत के मुताबिक स्याही फेंकने और हंगामा करने वाले किसान चंद्रशेखर के समर्थक थे। किसान सभा अध्यक्ष अवनीश पवार ने कहा कि जो कुछ भी हुआ उसकी जांच होनी चाहिए। वहीं किसान संघ के महासचिव सवित मलिक ने कहा कि किसानों पर लाठीचार्ज भी किया गया है, हम स्याही से नहीं डरते।
बता दें, स्याही फेंकने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है…….
