डेस्क। ED ने पत्रकार राणा अयूब को मंगलवार को मुंबई एयरपोर्ट पर रोक दिया जिसके बाद से विवाद खड़ा होता दिखाई दे रहा है। राणा अयूब विदेश रवाना होने के लिए एयरपोर्ट पर पहुंची थीं। बता दें कि पत्रकार राणा अयूब के खिलाफ ईडी की ओर से पहले ही लुक आउट सर्कुलर जारी किया जा चुका है।
आपको बता दें कि ईडी अयूब के खिलाफ मनि लॉन्ड्रिंग के एक मामले में उनसे पूछताछ करना चाहती है।
ED के अधिकारियों ने बताया कि पत्रकार लंदन के लिए उड़ान भरने को लेकर मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचीं थीं, पर अधिकारियों ने उन्हें रोक दिया। इसके तुरंत बाद, ईडी की एक टीम ने एयरपोर्ट पर उनसे पूछताछ की और उन्हें जांच में शामिल होने के निर्देश दिए।
जानकारी के मुताबिक आगे की कार्यवाही के लिए अयूब को एक अप्रैल को ईडी के कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है।
इसके बाद उन्होंने ट्वीटर पर कहा ‘मुझे आज इंडियन इमीग्रेशन पर रोक दिया गया, जब मैं पत्रकारों को डराने-धमकाने के विषय पर आईसीएफजे में अपना भाषण देने के लिए लंदन की अपनी उड़ान में सवार होने वाली थी। इसके बाद, भारतीय लोकतंत्र पर जर्नलिज्म फेस्ट को संबोधित करने के लिए मेरा इटली जाने का कार्यक्रम था।’
ED के अधिकारियों ने भी बयान जारी कर कहा कि अयूब ने नोटिस का अनुपालन नहीं किया इसलिए एजेंसी नहीं चाहती कि वह देश छोड़ कर जाएं क्योंकि इससे ED को जांच में और बाद में अदालत में आरोप पत्र दाखिल करने में समस्या हो सकती है।
