नई दिल्ली। तिहाड़ जेल प्रशासन ने बृहस्पतिवार देर रात मंडोली के जेल संख्या 13 में अचानक छापामार कार्रवाई की। जेल में तलाशी के दौरान 19 मोबाइल के अलावा कई आपत्तिजनक चीजें मिलीं। इस पर जेल प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को जवाब तलब किया है।
जेल महानिदेशक संदीप गोयल ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात जेल अधिकारियों की टीम ने मंडोली जेल संख्या 13 पर छापा मारा। टीम को वहां कई कैदी फोन चलाते मिले। तलाशी के दौरान कैदियों के पास 19 मोबाइल, 18 चार्जर, ईयरफोन, डेटा केबल, हाथ से बनाए गए घातक हथियार और 15 सौ रुपये बरामद हुए।
अधिकारियों के मुताबिक जेल से चल रहे उगाही के धंधे को देखते हुए छापामार कार्रवाई की गई। अब इस बात की जांच की जा रही है किसकी मिलीभगत से जेल में फोन आ रहे हैं। ऐसे अधिकारियों और कर्मियों पर जल्द ही गाज गिर सकती है।
कैदी को तंबाकू पहुंचने वाले डाकिया को जेल कर्मियों ने रंगेहाथ दबोच लिया। तलाशी अभियान के तहत मनीआर्डर लेकर जेल नंबर एक के परिसर में पहुंचे एक डाकिया को उस समय पकड़ लिया गया जब वह एक एक कैदी को तंबाकू के छह पाउच दे रहा था। पांच जनवरी को जब वह पाउच लेकर पहुंचा तो जेल कर्मियों ने दबोच लिया। आरोपी कैदी ने बताया कि पाउच लेने के बाद वह उसे निगल लेता था। बैरक में आने के बाद वह ढेर सारा पानी पीता था।

