महाराष्ट्र – 30 लोगों पर एक 14 साल की लड़की से गैंगरेप का आरोप, 26 आरोपी गिरफ्तार

admin
By admin
5 Min Read

महाराष्ट्र के ठाणे में दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। यहां 30 लोगों पर एक 14 साल की लड़की से गैंगरेप का आरोप लगा है। पीड़ित के परिवार वालों की शिकायत पर मानपाड़ा पुलिस स्टेशन में रेप, अपहरण और पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। अब तक 26 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

इस बारे में ताजा जानकारी यह सामने आ रही है कि पीड़ित के साथ 8 महीने पहले नाबालिग प्रेमी ने दुष्कर्म किया था। इस दौरान आरोपी ने रेप का वीडियो भी बना लिया था। इस वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों ने पीड़ित को ब्लैकमेल कर रेप किया। घटना की जांच के लिए विशेष पुलिस दल का गठन किया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

ठाणे और मुंबई से हुईं गिरफ्तारियां
पुलिस के मुताबिक घटना डोंबिवली के भोपर इलाके की है। नाबालिग के साथ 30 लोगों ने अलग-अलग समय और अलग-अलग जगहों पर सामूहिक दुष्कर्म किया है। लड़की को जनवरी 2021 से 22 सितंबर 2021 तक प्रताड़ित किया गया। इससे तंग आकर पीड़ित ने बीती रात मानपाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में डोम्बिवली, बदलापुर, रबाले और मुरबाद से आरोपियों को अरेस्ट किया है। गिरफ्तार किए गए कई आरोपी विभिन्न राजनीतिक दलों से भी जुड़े हुए हैं। इनके खिलाफ IPC की धारा 376 (रेप), 376 (एन), 376 (3), 376 (डी) (ए) और पॉक्सो एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं।

पुणे में भी 14 साल की बच्ची से 13 लोगों ने किया था गैंगरेप
ऐसी ही एक वारदात तकरीबन 20 दिन पहले पुणे में भी हुई थी। यहां सड़क किनारे खड़े होकर ऑटोरिक्शा का इंतजार कर रही एक 14 साल की नाबालिग को कुछ लोग अपने साथ उठा ले गए थे और पांच अलग-अलग जगह ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया था। हालांकि बाद में पुणे पुलिस ने इस मामले में 14 लोगों को अरेस्ट किया था, इसमें 11 ऑटो ड्राइवर और दो रेलवे के कर्मचारी भी शामिल थी। गिरफ्तार आरोपियों में एक पीड़िता का फ्रेंड भी शामिल था।

महिलाओं पर अत्याचार के मुद्दे पर राज्यपाल-सीएम भिड़े
महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति और खासतौर पर महिला सुरक्षा को लेकर राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बीच पत्र युद्ध चल रहा है। हाल ही में मुंबई के साकीनाका में हुई दुष्कर्म की घटना के बाद बीजेपी की महिला विधायकों की मांग पर राज्यपाल ने मुख्यमंत्री से विधानसभा का 2 दिवसीय विशेष सत्र बुलाने को लेकर पत्र लिखा था। इसके जवाब में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने अपने पत्र में कहा कि राज्यपाल को बीजेपी शासित राज्यों में महिलाओं की सुरक्षा और उन पर बढ़ते हमलों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए संसद का 4 दिनों का सत्र बुलाने के लिए केंद्र से अनुरोध करना चाहिए। इसके लिए राज्यपाल प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखें। ठाकरे ने राज्यपाल को लिखे अपने पत्र में कोश्यारी के गृहराज्य उत्तराखंड सहित बीजेपी शासित राज्यों में महिलाओं के खिलाफ अपराधों के आंकड़े दिए हैं।

भाजपा नगरसेविका के ऑफिस में महिला का यौन उत्पीड़न
उत्तर मुंबई संसदीय क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-16 की भाजपा नगरसेविका के कार्यालय में एक महिला के यौन उत्पीड़न का सनसनीखेज मामला भी सामने आया है। इस मामले में आरोपी प्रतिक सालवी भाजपा का स्थानीय वार्ड अध्यक्ष है। वारदात 15 अगस्त को हुई थी और अब पीड़िता द्वारा केस दर्ज करवाने के बाद मामले का खुलासा हुआ है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि सालवी ने कार्यालय में बुलाकर उसके साथ अश्लील हरकत की है। पीड़िता का आरोप है कि उसने इस बात की शिकायत स्थानीय विधायक से भी की थी, लेकिन उन्होंने इस पर कोई एक्शन नहीं लिया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *