लखनऊ चोरों ने पुलिस की गश्त की पोल खोलते हुए नाका थाने से चंद कदम दूरी पर स्थित तीन दुकानों का शटर व ताले तोड़कर हजारों की नकदी व कीमती सामान चुरा लिया। पुलिस हर बार की तरह जांच पड़ताल कर जल्द घटना का पर्दाफाश करने का आश्वासन देकर लौट गई।
नाका चौराहे के पास स्थित गुप्ता सेल्स कारपोरेशन, पाजी डीजे वाले और परमात्मा इलेक्ट्रानिक्स दुकान में शुक्रवार चोरी हो गई। गुप्ता सेल्स कारपोरेशन के संचालक अंकित गुप्ता ने बताया ने बताया कि चोर दुकान के पास निर्माणाधीन मकान के रास्ते दुकान की छत से दीवार व शटर तोड़कर घुसे थे। चोरों ने दुकान में रखे 15 हजार रुपये नकद और दुकान में रखा कीमती सामन चुरा ले गए। चोरों ने दुकान के बगल में स्थित कमल जीत सिंह की परमात्मा इलेक्ट्रानिक्स दुकान से 75 हजार रुपये नकद और अमन प्रीत सिंह की पापा जी डीजे वाले दुकान से 45 हजार रुपये नकद चुरा ले गए।व्यापारियों ने पुलिस गश्त पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि गश्त न होने से ही चोरी की घटनाओं पर लगाम नहीं लग पा रही है। एक साल पहले भी चोरों ने इसी तरह चोरी की घटना को अंजाम दिया था। घटना का पर्दाफाश न होने से चोरों के हौसले बुलंद है।
