नई दिल्ली । राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष सी.पी. जोशी के यह कहने पर कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार को नया नागरिकता कानून सीएए लागू करना होगा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा कि इससे लगता है कि गांधी परिवार की पार्टी नेतृत्व पर पकड़ ढीली पड़ रही है। भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने ट्वीट किया, “गांधी परिवार के रुख के विपरीत बयान देकर सी.पी. जोशी सीएए का समर्थन करने वाले कांग्रेस नेताओं की सूची में शामिल हो गए हैं। क्या मान लिया जाए कि उनका कांग्रेस की गांधी ब्रांड राजनीति से मोहभंग हो गया है?”
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष जोशी ने शनिवार को कहा था कि केंद्र सरकार ने जो सीएए पारित किया है, उसे राज्य सरकार को लागू करना होगा।
जोशी ने यह बात राजस्थान विधानसभा में 25 जनवरी को प्रस्ताव पारित किए जाने के बाद कही है। प्रस्ताव में केंद्र सरकार से सीएए को निरस्त करने का अनुरोध किया गया है।
