वित्तीय स्वीकृति जारी प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों में 920 रिक्त पदों को भरने के लिए : भंवर सिंह भाटी

0
14

[object Promise]

जयपुर। उच्च शिक्षा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने सोमवार को विधानसभा में बताया कि वर्ष 2019 की बजट घोषणा के तहत प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों में कुल रिक्त पदों में से 920 पदों को भरने के लिए वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इन पदों को भरने के लिए राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) को अभ्यर्थना भी भेज दी गई है तथा भर्ती की प्रक्रिया यथाशीघ्र पूरी कर ली जाएगी।

भाटी प्रश्नकाल में इस संबंध में विधायकों द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में 38 नए महाविद्यालय खोले गए हैं। इनमें शैक्षणिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रतिनियुक्ति पर शिक्षकों को लगाया गया है। लक्ष्मणगढ़ राजकीय महाविद्यालय में रिक्त पड़े पदों के संबंध में उन्होंने जानकारी दी कि महाविद्यालय में अधिकांश पद भरे हुये हैं।

उच्च शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों में कुल 6 हजार 940 स्वीकृत पद हैं, जिनमें से 4 हजार 574 पद भरे हुए हैं तथा 2 हजार 364 पद वर्तमान में रिक्त हैं।

इससे पहले विधायक रामलाल शर्मा के मूल प्रश्न के जवाब में भाटी ने प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों में शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक वर्ग के स्वीकृत, कार्यरत व रिक्त पदों का महाविद्यालयवार विवरण, भवन रहित राजकीय महाविद्यालयों का जिलेवार विवरण, जिन राजकीय महाविद्यालयों को भवन निर्माण हेतु भूमि आवंटित नहीं की गई है उनका विवरण तथा वर्ष 2019 में खोले गए 38 नवीन महाविद्यालयों को संवेतन व अन्य मदों में बजट आवंटन का विवरण सदन के पटल पर रखा।

[object Promise]