जयपुर। राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा चरण की कार्यवाही शुरू हो गई है। इसमें राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस होगी। राज्य का बजट 17 फरवरी को पेश किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सी.पी. जोशी ने इस बार प्रश्न पूछने को लेकर विधायकों के लिए गाइडलाइन तय कर दी है। गाइडलाइन में कुल 34 बिंदू है, जिन्हें सभी विधायकों को भेजा गया है। इनका पालन करना आवश्यक है। इसके अनुसार अब विधायक एक दिन में 10-10 तारांकित और अतारांकित सवाल ही पूछ सकेंगे।
बाहरी इलाकों के सवाल पूछने पर उसे डिफेक्ट श्रेणी में डाल दिया जाएगा। उसका जवाब विभाग से मांगा नहीं जाएगा। इसके अलावा गाइड लाइन में कहा गया है कि पांच वर्ष से पहले के कोई सवाल नहीं पूछे जाएं। प्रश्न छोटे हों। विस्तृत सवाल स्वीकार नहीं किए जाएंगे। प्रदेश के किसी विशेष स्थान, अपने जिला, विधानसभा क्षेत्र, तहसील आदि की जानकारी मांगी जाए। पूरे प्रदेश की जानकारी नहीं मांगी जाए।
