पटना । देश को टुकड़ों में बांट देने जैसा विवादित भाषण देने के बाद छिपते फिर रहे जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के छात्र शरजील इमाम को पुलिस ने आखिरकार दबोच लिया है। असम को भारत से अलग करने के भड़काऊ बयान के बाद शरजील चर्चा में आया था। बताया जा रहा है कि शरजील को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बिहार के जहानाबाद से गिरफ्तार किया है। इससे पहले उसके भाई को भी पुलिस ने हिरासत में लिया था। शरजील की गिरफ्तार के बाद उसके वकील ने कहा है कि शरजील ने पहले सरेंडर किया है, फिर उसे गिरफ्तार किया गया है। शरजील के खिलाफ पांच राज्यों में केस दर्ज हैं।
कंप्यूटर साइंस में पोस्ट ग्रैजुएशन करने वाले शरजील ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन के दौरान असम को भारत से काटने की बात कही थी। बताते चलें कि शरजील इमाम के पिता भी बिहार की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और शरजील के भाई भी सीएए विरोधी आंदोलनों में काफी सक्रिय हैं।
यहां हम आपको बता रहे हैं कि आखिर शरजील इमाम कौन है, उसके परिवार के लोग कौन हैं और उसका खुद का बैकग्राउंड क्या है:-
शरजील इमाम बिहार के जहानाबाद का रहने वाला है। वह जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) के सेंटर फॉर हिस्टोरिकल स्टडीज का छात्र है।
शरजील की फेसबुक प्रोफाइल के मुताबिक, वह आईआईटी बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस में पोस्ट ग्रैजुएशन भी कर चुका है।
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में सीएए के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन के दौरान शरजील ने दिया था देशविरोधी बयान।इस बयान के सामने आने पर शरजील के खिलाफ असम और उत्तर प्रदेश में देशद्रोह की धाराओं में केस दर्ज किया गया था।
मामला तूल पकड़ने के बाद शरजील फरार हो गया था। पुलिस शरजील इमाम की तलाश में छापेमारी कर रही थी लेकिन वह बिहार में अपने घर पर मौजूद नहीं था।शरजील के पिता अकबर इमाम जनता दल यूनाइटेड के नेता थे। 2005 में उन्होंने जहानाबाद सीट से विधानसभा का चुनाव भी लड़ा था। हालांकि, वह इस चुनाव में हार गए थे।
शरजील इमाम के छोटे भाई मुजम्मिल इमाम भी राजनीति में सक्रिय हैं। सीएए के खिलाफ चल रहे प्रदर्शनों में भी मुजम्मिल काफी सक्रिय हैं।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, फरार होने से पहले शरजील इमाम को आखिरी बार 25 जनवरी को बिहार के फुलवारी शरीफ में एक मीटिंग में देखा गया था।
शरजील ने भड़काऊ भाषण में कहा था कि हमारे पास संगठित लोग हों तो हम असम को हिंदुस्तान से हमेशा के लिए अलग कर सकते हैं।
पुलिस ने शरजील के भाई मुजम्मिल को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने भी जहानाबाद स्थित शरजील के घर पर छापेमारी करके परिजन से पूछताछ की थी।
