बेंगलुरु, एएनआइ। हाई प्रोफाइल ड्रग रैकेट केस में बेंगलुर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले में कन्नड़ फिल्म अभिनेत्री संजना गलरानी, रागिनी द्विवेदी और अन्य की पुलिस हिरासत 14 सितंबर तक के लिए बढ़ा दी गई है। इस बीच इस मामले पुलिस ने आदित्य अग्रवाल नाम के एक अन्य आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार किया गया था। बेंगलुरु पुलिस के मुताबिक अग्रवाल पार्टी प्लानर वीरेन खन्ना का सहयोगी है।
इससे पहले बेंगलुरु की सिटी क्राइम ब्रांच ने 8 सितंबर को कन्नड़ फिल्मों की अभिनेत्री संजना गलरानी और उनकी मां को गिरफ्तार किया था। संजना से चार दिन पहले पुलिस ने प्रमुख अभिनेत्री रागिनी द्विवेदी को गिरफ्तार किया था। रागिनी के अलावा पुलिस इस मामले में पार्टी की योजना बनाने वाले वीरेन खन्ना, कथित रूप से ड्रग पहुंचाने वाले लूम पेपर सांबा, राहुल टोंसे, प्रशांत रंका और नियाज अहमद को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस को अब पूर्व मंत्री जीवराज अल्वा के बेटे आदित्य अल्वा की तलाश है, जिसे पुलिस ने आरोपित नंबर छह बताया है।
वहीं, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने मामले की जांच कर रही पुलिस टीम को फ्री हैंड दे दिया है। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु ड्रग मामले में जांच की जांच चल रही है और इसे पूरी गंभीरता से लिया जा रहा है। मामले की पूरी तस्वीर साफ होने में अी कुछ समय लगेगा। पुलिस अधिकारियों को मामले की जांच के लिए फ्री हैंड दिया गया है।
